झांसी। जनपद में दो से 30 अप्रैल तक संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अभियान चलेगा। साथ ही 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक पखवाड़ा मनाया जाएगा। बुखार, टीबी के लक्षण वालों और कुपोषित बच्चों की सूची तैयार की जाएगी। सदर विधायक रवि शर्मा ने स्वच्छता शपथ दिलाकर और रैली को हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विधायक ने कहा कि सभी को स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। सरकार द्वारा जन प्रतिनिधियों को भी जन जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए कहा गया है। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि इस साल भी संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अभियान चलेगा। जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान दो से 30 अप्रैल और दस्तक अभियान का प्रथम चरण 15 से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एडी हेल्थ डॉ. अल्पना बरतारिया ने कहा कि दस्तक अभियान में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हर घर पर क्षय रोग के संभावित रोगियों के विषय में जानकारी लेंगी। इस दौरान डॉ. एसके खत्री, डॉ. जूही, एसीएमओ डॉ. एनके जैन, डॉ. रविशंकर, डॉ. रमाकांत, डॉ. अनुराधा, डॉ. उत्सव राज मौजूद रहे।