झांसी। राजकीय इंटर कॉलेज, सकरार में शनिवार को हाईस्कूल के अंग्रेजी के द्वितीय प्रश्न पत्र के दौरान अपनी उम्र नौ साल घटाकर और नाम बदल कर परीक्षा दे रहे छात्र को पकड़ा गया। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक सुरेंद्र कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है।
केंद्र व्यवस्थापक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अंग्रेजी के पहले प्रश्न पत्र के दौरान छात्र सोनू सिंह चौहान की उम्र को लेकर संदेह हुआ। इस पर कक्ष निरीक्षक देवेश दत्त ने पर्यवेक्षक सपना वर्मा को बताया। उन्होंने बताया कि पहले पेपर के दौरान उसके पास कोई आईडी नहीं थी। इसलिए छात्र से कहा गया था कि दूसरी बार परीक्षा आधार और पैन कार्ड साथ लाने पर ही देने दी जाएगी। इसलिए सुबह की पाली में परीक्षा के दौरान उसका आधार, पैन और ड्राइविंग लाइसेंस चेक किया गया तो उसमें शुभम चौहान पुत्र राजेंद्र सिंह चौहान लिखा था। उसमें जन्मतिथि 1995 की लिखी थी। जबकि सोनू सिंह चौहान के नाम से उसके प्रवेश पत्र पर जन्मतिथि 2004 की थी।
उन्होंने बताया कि फर्जी दस्तावेज बनाकर भगवती देवी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल में दाखिला कराया था। वहां से सेंटर यहां आया है। इसलिए वह यहां पर परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि शुभम के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर छात्र के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी रवींद्र नाथ यादव ने बताया कि धारा 420 समेत परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।