झांसी। शनिवार की दोपहर सीपरी बाजार थाने पहुंचे कुछ लोगों ने एक युवती के अपहरण की सूचना दी। इस पर पुलिस के पसीने छूट गए। घंटों बाद युवती की लोकेशन भोपाल पाई गई। परिजनों ने बताया कि वो सुरक्षित है। तब कहीं जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।
सीपरी बाजार में रहने वाला एक युवक अपने मकान मालिक और कुछ अन्य लोगों के साथ थाने पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि एक सप्ताह से उसके साथ रह रही उसकी चचेरी बहन का अपहरण हो गया है। वॉयस कॉल के जरिये बहन ने इसकी सूचना दी है। उसने बताया कि उसे कमरे में कैद करके रखा गया है। साथ ही एक वीडियो भी दिखाया, जिसमें युवती को एक व्यक्ति तमंचा दिखाकर धमकाता नजर आ रहा था। इस पर पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में वो अकेले स्टेशन की ओर जाती दिखाई दी और बाद में उसकी लोकेशन बीना और भोपाल में ट्रेस हुई। परिजनों से संपर्क साधा तो उन्होंने बताया कि उनकी लगातार युवती से बात हो रही है। सीपरी थाने के इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि युवती और उसका चचेरा भाई इवेंट ऑर्गनाइजर हैं। सप्ताह भर पहले एक इवेंट के लिए झांसी आई थी। भाई को पांच हजार रुपये देने थे, लेकिन उसने नहीं दिए। इससे नाराज होकर वो चली गई। युवती मप्र के सिंगरौली की रहने वाली है और वहीं के लिए रवाना हो गई है। ये जानकारी होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।