झांसी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) की दसवीं की परीक्षा के सोमवार को परिणाम घोषित हुए, जिसमें झांसी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परचम फहराया। परिणाम देख ज्यादातर परीक्षार्थियों के चेहरे खिल उठे। सभी नंबरों की दौड़ में एकदूसरे से आगे निकलने की होड़ करते नजर आए।
दसवीं की परीक्षा को शैक्षिक जीवन का अहम पड़ाव माना जाता है। इस परीक्षा के परिणाम ही भविष्य की दिशा तय करते हैं। सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा में जिले के पैंतीस स्कूलों के 2,922 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा जिले में बनाए गए सात केंद्रों पर आयोजित की गई थी। फरवरी माह में परीक्षा देने के बाद से ही परीक्षार्थियों के मन में परिणाम जानने की उत्सुकता होने लगी थी। एक-एक दिन इंतजार करते हुए आखिर वो दिन भी आ गया, जब उन्हें अपनी मेहनत का परिणाम जानने का मौका मिला। सोमवार की दोपहर तकरीबन तीन बजे बोर्ड की ओर से परिणाम घोषित किया गया। इसकी जानकारी होते ही विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की दिल की धड़कने तेज हो गईं। मोबाइल पर धड़ाधड़ रिजल्ट अपलोड किया जाने लगा। मेहनत का परिणाम देख ज्यादातर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। इसी के साथ घनघनाने लगे मोबाइल। सभी एकदूसरे को शुभकामनाएं देने में जुटे रहे। किसी ने अपने स्कूल में पहुंचकर सहपाठियों के साथ जीत की खुशी मनाई, तो किसी ने मंदिर में जाकर मत्था टेका।