झांसी। प्रेमनगर थाने में बीते रोज महिला को थप्पड़ मारने वाले दरोगा समेत पांच पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को प्रेमनगर थाने में अपनी समस्या लेकर पहुंच एक महिला को थाने में तैनात दरोगा संदीप यादव ने थप्पड़ जड़ दिया था। इतना ही नहीं, उसके साथ आईं अन्य महिलाओं के साथ भी धक्कामुक्की की गई थी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी शिवहरि मीणा ने आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। शनिवार को महिला की शिकायत पर आरोपी दरोगा संदीप यादव समेत एक अन्य उप निरीक्षक अनिल कुमार, कांस्टेबल नवीन व दो अन्य अज्ञात कांस्टेबल के खिलाफ एससी /एसटी एक्ट व छेड़खानी का मामला दर्ज किया गया। वहीं, क्षेत्राधिकारी गरौठा आभा सिंह ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही पीड़ित और आरोपी पक्ष के बयान दर्ज किए जाएंगे।