झांसी। शनिवार को दिल्ली से चलकर झांसी की ओर आ रही शताब्दी एक्सप्रेस से एक ऊंट टकरा गया। ऊंट गाड़ी के इंजन में जा फंसा, जिससे गाड़ी रुक गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद ऊंट को काट-काटकर इंजन से निकाला गया। इस दरम्यान गाड़ी में सवार यात्री चंबल के बीहड़ में फंसे रहे।
दिल्ली से चलकर झांसी की ओर आ रही शताब्दी एक्सप्रेस के सामने ग्वालियर के पास हेतमपुर में अचानक एक ऊंट आ गया। ऊंट तेज रफ्तार से जा रही गाड़ी के इंजन से टकरा गया। इससे उसकी मौत हो गई। मरा हुआ ऊंट इंजन के जेनरेटर व ब्रेकयान के नीचे फंस गया। जानकारी मिलते ही रेल स्टाफ व आरपीएफ मौके पर पहुंच गई। ऊंट को काट-काटकर इंजन के नीचे से निकाला गया। इसमें दो घंटे लग गए और तब तक गाड़ी खाड़ी रही। इंजन में खराबी आने पर तत्काल दूसरा ग्वालियर से दूसरा इंजन मंगाया गया, तब कहीं जाकर गाड़ी आगे बढ़ पाई।
ट्रैक पर शताब्दी फंसी होने की वजह से इस रूट पर चलने वाली पंजाब मेल, छत्तीसगढ़, मंगला एक्सप्रेस, ताज एक्सप्रेस, खजुराहो इंटरसिटी भी दो से चार घंटे की देरी से चलीं। इससे यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।