झांसी। नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग में लगातार हो रहे घालमेल की शिकायतों के बाद नगर आयुक्त ने कार्रवाई की है। नगर आयुक्त ने मार्ग प्रकाश विभाग से सिविल के सहायक अभियंता को हटाकर लोनिवि के यांत्रिक और विद्युत के सहायक अभियंता को जिम्मा सौंपा है। इनको कर्मशाला के तकनीकी कामों की जिम्मेदारी भी दी गई है।
दरअसल बीते दिनों नगर आयुक्त से शिकायत की गई थी कि मार्ग प्रकाश विभाग में लगातार घालमेल किया जा रहा है। साथ ही पूर्व नगर आयुक्त ने डीएम के आदेश के बाद तैनात किए गए लोनिवि के एई और जेई को हटाकर सिविल के एई को चार्ज सौंप दिया है। जिसके बाद लगातार मार्ग प्रकाश विभाग में खेल किए जा रहे हैं। हाईमास्ट लाइटों की खरीद गलत तरीके से की गई है। मामले को अमर उजाला से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने कार्रवाई की है।
नगर आयुक्त अवनीश राय ने लोनिवि के विद्युत और यांत्रिक विभाग के सहायक अभियंता शरद कुमार नायक को अपने विभाग के कार्यों के साथ प्रभारी मार्ग प्रकाश और कर्मशाला के तकनीकी कामों को देखने के निर्देश दिए हैं। उनके सहयोग के लिए अवर अभियंता लोनिवि राजेंद्र सिंह पाल को तैनात किया गया है।