- मोबाइल लैब संग जाएंगे डॉक्टर व टेक्नीशियन, गांव-गांव करेंगे चेकअप और देंगे दवाएं, कार्य परिषद की बैठक में प्रस्ताव हुआ मंजूर
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) स्मार्ट मोबाइल मेडिकल यूनिट (एसएमएमयू) शुरू करने जा रहा है। यह यूनिक सात जिलों में मुफ्त सेवा देगी। इसका प्रस्ताव मंगलवार को कार्य परिषद की बैठक में मंजूर हुआ। दिसंबर तक एसएमएमयू की सेवाएं शुरू होने का दावा है।
एसएमएमयू के तहत बीयू की मोबाइल लैब के साथ डॉक्टर और टेक्नीशियन गांव-गांव जाएंगे। वे मुहल्ला-मुहल्ला जाकर बेसिक हेल्थ चेकअप करेंगे। प्राथमिक उपचार देंगे और दवाएं भी उपलब्ध कराएंगे। गंभीर बीमारी मिलने पर मरीजों को हायर सेंटर रैफर किया जाएगा। कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि एसएमएमयू का कार्यक्षेत्र सात संबद्ध जिलों में होगा। इनमें झांसी, ललितपुर, बांदा, जालौन, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा शामिल हैं। इसके संचालन के लिए एक कार्यदायी संस्था नामित की जाएगी। यह संस्था अधिकृत डॉक्टर, टेक्नीशियन और कर्मियों की तैनाती करेगी।
गंभीर बीमारी पता चलने पर किए जाएंगे रेफर
एसएमएमयू गांव या मुहल्ला पहुंचने से पहले लोगों को संदेश देगी। इसमें बताया जाएगा कि जांच और दवाओं का वितरण निशुल्क होगा। इससे पर्याप्त संख्या में लोग जांच कराने पहुंच सकेंगे। जांच रिपोर्ट व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी। गंभीर बीमारी पर सरकारी उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया जाएगा।
जांचें शोध में होंगी उपयोगी
कुलपति ने बताया कि सोशल वर्क और फार्मेसी विभाग के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप मिलेगी। उन्हें फील्ड में काम करने और समझने का अवसर मिलेगा। जांचों के परिणाम कई शोध में उपयोगी साबित होंगे। विवि परिसर और संबद्ध कॉलेजों में भी विद्यार्थियों की बेसिक जांच कराई जाएगी। कार्य परिषद में फार्मेसी विभाग के दो सह-आचार्य (डॉ. प्रेमप्रकाश सिंह, डॉ. सुनील कुमार) और एक सहायक आचार्य (डॉ. रिचा त्रिपाठी तिवारी) के चयन लिफाफे भी खुले।