बंद रहा सराफा बाजार, कारोबारियों ने रैली निकालकर बुलंद की आवाज
झांसी। केंद्र सरकार द्वारा आभूषणों की खरीद और बिक्री पर लाए जा रहे एचयूआइडी कानून (होलमार्किंग यूनिक आइडी) के विरोध में सोमवार को सराफा बाजार बंद रहा। व्यापारियों ने कानून को काला बताते हुए बाजार में रैली निकाली। साथ ही लोगों को नए कानून की कमियां गिनाईं।
सोमवार को उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के प्रदेश संगठन मंत्री अतुल किलपन के नेतृत्व व सराफा बाजार कमेटी के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल की अध्यक्षता में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। इस दौरान सराफा बाजार, मानिक चौक, टकसाल, जवाहर वाली गली, दीक्षित बाग, सीपरी बाजार व सदर बाजार की सभी दुकानें बंद रहीं। साथ ही कारोबारियों ने कानून के विरोध में रैली निकाली। इस मौके पर व्यापारी नेताओं ने कहा कि इस कानून से आभूषण कारीगर से लेकर उपभोक्ता तक प्रभावित होगा। आभूषण पर होल मार्क होने पर कोई गड़बड़ी होती है तो अधिकृत होलमार्क सेंटर को ही जिम्मेदार ठहराया जाएगा। एचयूआइडी अत्यंत जटिल एवं अव्यवहारिक कानून है। इस दौरान प्रकाश सराफ, देेवेंद्र अग्रवाल, महेश मटका, आशीष गर्ग, संजय अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, महेंद्र चौधरी, अभिषेक चकेरे, राजेश बॉबी, संजय कमरया, राजेश सोनी, मिक्की सोनी, अरविंद कुशवाहा, महेश किलपन, राजू सोनी, चंद्रकांत स्वर्णकार, शैलेंद्र अग्रवाल, भूपेंद्र अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, नीलेश सोनी, अखिलेश सोनी, मिथलेश त्रिपाठी, दिनेश सोनी, मीनू गंधी, मोहन, कैलाश, सजल अग्रवाल, रोहित लेसनदार, संजू ढिलवारी, मुकेश मामा, कुलदीप नगरिया मौजूद रहे।
यह होता है एचयूआईडी
भारतीय मानक ब्यूरो हॉलमार्क के अंतर्गत प्लेटिनम, स्वर्ण, रजत आदि बहुमूल्य धातुओं पर लगाया जाने वाला अधिकारिक चिह्न या मुहर है जो उसकी गुणवत्ता प्रमाणित करने के लिए लगाई जाती है।
एचयूआइडी कानून से छोटे सराफा कारोबारी बर्बाद हो जाएंगे। यह अव्यवहारिक कानून है। इसकी जटिलताएं कम होनी चाहिए। राकेश कुमार सोनी
आभूषण में अगर दूसरी बार होल मार्क लगाने की जरूरत पड़ी तो उसमें बहुत दिक्कत आएगी। नए कानून से महंगाई बढ़ जाएगी। मिथलेश कुमार सोनी।
आभूषण पर होल मार्क लगने के बाद उसे कंप्यूटर में फीड करना बेहद मुश्किल होगा। अधिकांश कारोबारियों को कंप्यूटर का बिलकुल ज्ञान नहीं है। राकेश अग्रवाल।
नए कानून से कारीगरों को नुकसान होगा। लेखा जोखा रखना बहुत मुश्किल हो जाएगा। इस कानून को तुरंत वापस होना चाहिए। अखिलेश सोनी।