झांसी। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) मई में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का मूल्यांकन करेगा। इस बार राजभवन से विश्वविद्यालय को ए प्लस ग्रेड लाने का लक्ष्य मिला है। अभी बीयू के पास बी प्लस-प्लस ग्रेड है।
बीयू चौथी बार नैक का मूल्यांकन कराने जा रहा है। इस बार भौतिक निरीक्षण नहीं होगा, बल्कि बीयू को निर्धारित मानकों पर आधारित सारी जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध करानी होगी। साथ ही पिछले मूल्यांकन के दौरान नैक कमेटी की संस्तुतियों पर क्या काम किया है, इसकी भी सूचना देनी पड़ेगी। मई में होने वाले नैक मूल्यांकन को लेकर बीयू में तैयारियां तेज हो गई हैं। पिछले महीने राजभवन में हुई बैठक के बाद बीयू के वरिष्ठ शिक्षकों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। राजभवन से निर्देश दिए गए हैं कि ए प्लस ग्रेड लाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए काम किया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि 2.81 सीजीपीए होने की वजह से 2017 में बीयू को बी प्लस-प्लस ग्रेड मिला था। सूत्रों ने बताया कि पांच महीने बाद होने वाले नैक मूल्यांकन को लेकर अभी बीयू रिसर्च, कंसल्टेंसी में कमजोर चल रहा है। बीयू अधिकारी भी इसमें सुधार करने पर जोर दे रहे हैं। पिछली बार भी रिसर्च की वजह से बीयू बेहतर ग्रेडिंग लाने में पिछड़ गया था।
किसको क्या जिम्मेदारी दी गई
संस्थान के मूल्य एवं सर्वश्रेष्ठ परंपराओं की जिम्मेदारी आईक्यूएसी निदेशक प्रो. सुनील काबिया और समन्वयक डॉ. यशोधरा शर्मा को दी गई है। इसके अलावा अध्ययन संसाधन एवं मूलभूत सुविधाओं का जिम्मा डॉ. डीके भट्ट, शोध, अध्ययन, अध्यापन और मूल्यांकन का प्रो. अर्चना वर्मा, नवाचार एवं विस्तार की गतिविधियों का प्रो. एसपी सिंह, छात्र सहयोग एवं विकास का प्रो. पूनम पुरी, पाठ्यक्रम पहलू का प्रो. सीबी सिंह और संचालन, नेतृत्व एवं प्रबंधन प्रो. एसके कटियार को जिम्मा मिला है।
क्या है नैक ग्रेडिंग
नैक यूजीसी का ही हिस्सा है। इस संस्था की जिम्मेदारी देशभर के यूनिवर्सिटी, उच्च शिक्षण संस्थानों, निजी संस्थानों में गुणवत्ता को परखकर ग्रेड देनी की होती है। इसके लिए शिक्षण संस्थान अपने स्तर से प्राथमिक तैयारियां पूरी करने के बाद नैक ग्रेडिंग के लिए आवेदन करते हैं। फिर नैक की ओर से टीम संस्थान का निरीक्षण करती है। निरीक्षण के दौरान कॉलेज में शिक्षण सुविधाएं, रिजल्ट, इंफ्रास्ट्रक्चर, माहौल सहित हर जरूरी बात की जानकारी ली जाती है। इस आधार पर नैक की टीम अपनी रिपोर्ट जमा करती है। सीजीपीए दिया जाता है, जिसके आधार पर ग्रेड जारी होता है।
कब-कितना मिलता ग्रेड
सीजीपीए ग्रेड
3.51-4.00 ए प्लस-प्लस
3.26-3.50 ए प्लस
3.01-3.25 ए
2.76-3.00 बी प्लस-प्लस
नैक का मूल्यांकन मई में होना है। इसके लिए तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। पूरी उम्मीद है कि इस बार बीयू को नैक का ए प्लस ग्रेड मिल जाएगा। - प्रो. जेवी वैशम्पायन, कुलपति, बीयू।