अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे कई पाठ्यक्रमों में 30 अगस्त तक सीधे प्रवेश शुरू हो गए हैं मगर आवेदन करने वाले अब भी कम हैं। ऐसे में इस बार भी सीटें खाली रह सकती हैं।
बैचलर और फिजिकल एजुकेशन की कैंपस व संबद्ध कॉलेजों में करीब 500 सीट हैं, जिनमें से अकेले 100 बीयू कैंपस के संस्थान में हैं। इस पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा हुई। इसके लिए कुल 186 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। जब प्रवेश परीक्षा हुई तो 92 ही अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के बाद सफल 50 अभ्यर्थी की मेरिट लिस्ट जारी हुई। इन अभ्यर्थियों की फिजिकल परीक्षण के बाद मेरिट जारी कर दी गई। कैंपस और संबद्ध कॉलेजों की 450 सीटें रहने पर बीयू प्रशासन सीधे प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसके बाद भी बृहस्पतिवार तक कैंपस में दाखिला के लिए अंगुलियों पर गिनने लायक ही आवेदन आए हैं। जिसको लेकर संकट की स्थिति पैदा हो गई है। कमोबेश यही हालात संबद्ध कॉलेजों में दाखिले को लेकर है। बीसीए में भी सीटें भरने को लेकर संकट बना हुआ है। माना जा रहा है कि गत शिक्षा सत्र की तरह इस वर्ष भी 40 फीसदी तक सीटें खाली रह सकती हैं। वहीं, कुलसचिव राजबहादुर का कहना है कि सीधे दाखिले की प्रक्रिया शुरू करवा दी गई है, जो 30 अगस्त तक चलेगी। यदि सीटें खाली रहती हैं, तो कुलपति से चर्चा करके आगे का फैसला लिया जाएगा।