झांसी। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर राजकीय अवकाश घोषित होने के बाद बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी ने सोमवार को होने वाली परीक्षा निरस्त कर दी है। इसके अलावा प्रशासन ने मंडलीय समीक्षा बैठकें भी अग्रिम आदेशों तक निरस्त कर दी हैं।
बीयू के परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि 23 अगस्त को एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस तारीख पर सभी राजकीय कार्यालय, सभी शिक्षण संस्थाएं और बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे। इस वजह से सोमवार को होने वाली सभी वार्षिक, व्यावसायिक कोर्सों के अंतर्गत संचालित सम सेमेस्टर और वार्षिक पद्धति की परीक्षाएं 31 अगस्त को पूर्व निर्धारित समय, पाली और परीक्षा केंद्र पर होगी। वहीं, अपर आयुक्त प्रशासन के मुताबिक सोमवार को होने वाली सभी मंडलीय समीक्षा बैठकें भी अग्रिम आदेशों तक स्थगित रहेंगी। आगामी बैठक की सूचना अलग से दी जाएगी।