साले ने मारा थप्पड़ तो बहनोई ने ट्रेन से कटकर दे दी जान
झांसी। पारिवारिक विवाद में साले ने बहनोई को चांटा मार दिया। ये अपमान बहनोई बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने ट्रेन से कटकर जान दे दी। पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना कोतवाली इलाके के बड़ागांव गेट बाहर रहने वाले दयालुराम साहू के पुत्र धर्मेंद्र साहू (25) पेशे से हलवाई था। बीते रोज उसका किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हो गया। पत्नी ने इसकी सूचना अपने मायके में दी और वहां से उसके भाई आ गए। विवाद के बीच भाई ने बहनोई धर्मेंद्र को चांटा मार दिया। इसके बाद वो घर से चला गया। रात तकरीबन साढ़े नौ बजे तक उसका मोबाइल फोन चालू रहा, जिसके जरिये परिजन उसे वापस घर बुलाते रहे। लेकिन वो नहीं माना। इसके बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया। जबकि, परिजन लगातार यहां-वहां उसकी तलाश में जुटे रहे। सुबह उसका शव क्षत विक्षत अवस्था में झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ मिला। उसके पास मिली पर्ची में उसका नाम, पता लिखा हुआ था, जिसके आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम हाउस के बाहर दिन भर परिजनों का जमावड़ा रहा। धर्मेंद्र के चचेरे भाई धीरज ने बताया कि साले के चांटा मारने से धर्मेंद्र अपने आप को अपमानित महसूस कर रहा था, जिससे उसने ये आत्मघाती कदम उठा लिया।
रेलवे ट्रैक पर मिली युवक की लाश
झांसी। थाना प्रेमनगर इलाके में झांसी-मुंबई रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह 25 वर्ष के युवक की लाश मिली। वो पीली टी शर्ट और नीले रंग की जींस पहने हुए हैं। पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।