गुरसराय। गरौठा को जाने वाले मार्ग पर स्थित कृषि फार्म के पास बुधवार को क्रेशर से गिट्टी लादकर ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान तहसील निवाड़ी के ग्राम पजनपुरा निवासी संतोष कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। वह अपनी ससुराल ग्राम खेरो से गांव लौट रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक जवाहर लाल राजपूत ने पीड़ित परिजनों से बात की। मृतक के परिजन ट्रक को बरामद करने और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। उप जिलाधिकारी को नियमानुसार आर्थिक मदद की अपील की। साथ ही उन्होंने उच्च अधिकारियों को क्षेत्र में हो रहे खनन पर रोक लगाने की बात कही है। मृतक के परिजन घटना स्थल पर मालिक को बुलाने के लिए अड़े रहे और मार्ग पर जाम लगा दिया।
मौके पर उप जिलाधिकारी गरोठा सुनील कुमार, क्षेत्राधिकारी आसमा वकार, थाना प्रभारी अमीराम सिंह, कोतवाली गरौठा प्रभारी विनय साहू सहित अन्य पुलिस बल मौजूद रहा। परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।