बेतवा नदी पर बने नए पुल पर शुरू हुआ आवागमन
झांसी। बेतवा नदी पर नया पुल बनकर तैयार हो गया है। मंगलवार को ये आवागमन के लिए खोल दिया गया। अभी इसकी एक लेन चालू की गई है। अगले महीने इसकी दूसरी लेन भी चालू कर दी जाएगी।
झांसी-खजुराहो फोरलेन हाईवे का निर्माण जारी है। इस सड़क के बीच बेतवा नदी पर नोटघाट के पुराने पुल के समानांतरण एक नया पुल बनाया गया है, जिस पर आवागमन मंगलवार से शुरू कर दिया गया। अभी इसकी एक लेन खोली गई है। मई में दूसरी लेन भी चालू कर दी जाएगी। दूसरी लेन का काम भी अंतिम दौर में पहुंच चुका है। नया पुल बेतवा नदी के बीचों बीच 11 पिलर पर खड़ा किया गया है। नदी की चौड़ाई 650 मीटर है, लेकिन ये पुल 900 मीटर लंबा बनाया गया है। पुल के निर्माण पर 44 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की गई है। पुल की भार वहन क्षमता का भी परीक्षण किया जा चुका है। विदित हो कि झांसी - खजुराहो फोरलेन हाईवे के बीच सात बड़े और 28 छोटे ब्रिज बनने हैं। इनमें से छह बड़े और 15 छोटे ब्रिज का निर्माण पूरा हो गया है।
हाईवे निर्माण की गति धीमी
झांसी। झांसी से खजुराहो तक के 186 किलोमीटर लंबे फोरलेन हाईवे के निर्माण की गति धीमी पड़ी हुई है। इसका निर्माण 2018 में शुरू किया गया था, जो नवंबर 2020 में पूरा होना था। लेकिन, अब तक काम जारी है। कई स्थानों पर सड़क मार्ग पर अतिक्रमण की वजह से काम अधूरा बना हुआ है। खासतौर पर मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में सड़क मार्ग से निर्माण हटाने का काम बेहद धीमा है।