झांसी। एक साल के लंबे इंतजार के बाद झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा बेतवा विहार में भूमिपूजन कर टूबीएचके व थ्रीबीएचके फ्लैटों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। एक साल के भीतर ही निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। जेडीए द्वारा फ्लैटों के निर्माण कार्य पर 22 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
सालभर पहले झांसी विकास प्राधिकरण ने ग्राम बूढ़ा में बेतवा विहार कॉलोनी में खाली पड़ी 20.40 वर्गमीटर जमीन पर चार मंजिला इमारत में टूबीएचके व थ्रीबीएचके फ्लैटों के निर्माण की योजना को तैयार किया था। योजना में टूबीएचके प्रकार के 88 व थ्र्रीबीएचके के 64 फ्लैटों का निर्माण कराया जाना था। योजना का प्रचार व प्रसार होते ही आधे से अधिक फ्लैटों की बुकिंग भी हो चुकी थी। लेकिन टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण फ्लैटों का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया था। बृहस्पतिवार को झांसी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बेतवा विहार कॉलोनी में भूमिपूजन कर निर्माण कार्य को शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य की अवधि एक साल तय की गई है।
इस संबंध में झांसी विकास प्राधिकरण के सचिव त्रिभुवन विश्वकर्मा ने बताया कि बेतवा विहार में टूबीएचके व थ्रीबीएचके फ्लैटों के निर्माण के लिए भूमिपूजन कर निर्माण कार्य को शुरू कर दिया गया है। एक साल के भीतर निर्माण कार्य को पूरा कर आवंटन कर दिया जाएगा।