अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के फार्म शुक्रवार की रात 12 बजे से बीयू की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in ऑनलाइन भरने शुरू होंगे। प्रदेश के 2300 काॅलेजों की सवा दो लाख सीटों पर आवेदन 15 मार्च तक भरे जाएंगे। हालांकि 9 मार्च से विलंब शुल्क देना होगा।
पिछले तीन दिन से लगातार बीयू प्रशासन ऑनलाइन आवेदन का ट्रायल करा रहा था। बृहस्पतिवार की दोपहर तक सभी ट्रायल सफल रहे, जिसकी रिपोर्ट मिलने के बाद कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने शुक्रवार की रात 12 बजे से आवेदन ऑनलाइन खोलने की क्लीन चिट दी। कुलपति ने बताया कि परीक्षा के दौरान न सिर्फ विद्यार्थी की बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज होगी बल्कि एआई (आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस) और सीसीटीवी कैमरों से केंद्रों पर सतत निगरानी रखी जाएगी।
0- नौ मार्च से देना होगा विलंब शुल्क
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के फार्म भले ही 15 मार्च तक भरे जाएंगे मगर आठ मार्च तक फार्म भरने पर विद्यार्थी को विलंब शुल्क नहीं देना होगा। नौ मार्च से 15 मार्च तक श्रेणी के हिसाब से विलंब शुल्क देना होगा। सामान्य, ओबीसी और दूसरे राज्य के अभ्यर्थी को 600 रुपये और एससी व एसटी अभ्यर्थी को 300 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।
0- ये होंगी फीस
वर्ग फीस
सामान्य व ओबीसी 1400 रुपये
एससी-एसटी 700 रुपये
0- फोन नंबर अपना ही भरें विद्यार्थी
विगत वर्ष आवेदन भरने वाले कई विद्यार्थियों ने फोन नंबर अपने परिजनों अथवा परिचितों को भर दिया था, जिससे उन्हें काफी दिक्कत हुई थी। इसलिए विद्यार्थी वहीं फोन नंबर पंजीकृत करें, जो उनके पास है। इसकी वजह परीक्षा व काउंसलिंग संबंधी भी जानकारी पंजीकृत फोन पर ही आएंगी।
0- फार्म पर दिखेगा महाकुंभ का भी लोगो
बीयू के वेबसाइट पर फार्म करते समय विद्यार्थी को पहली बार चार लोगो दिखेंगे। जिनमें यूपी सरकार, महाकुंभ, बीयू व नैक ए प्लस-प्लस का लोगो है।
0- वर्जन
आवेदन के ट्रायल सफल होने के बाद बीयू की वेबसाइट पर शुक्रवार रात 12 बजे से बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के फार्म ऑनलाइन भरने के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। विद्यार्थियों को फार्म भरने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो, इसलिए सरल प्रक्रिया को अपनाया गया है।
प्रो. मुकेश पांडेय, कुलपति बीयू