झांसी। भले ही बिजली का बड़ा संकट झेल रहे हैं झांसी वाले। लेकिन विभाग जो शासन को रिपोर्ट भेज रहा है उसमें पूरे 24 घंटे सप्लाई का दावा किया जा रहा है। शासन को भेजी जाने वाली रिपोर्ट में पावर कट कभी 20 मिनट तो कभी 30 मिनट दिखा रहे हैं। जबकि ग्रामीण इलाकों में तकरीबन 20 घंटे बत्ती देने की बात कही जा रही है। लेकिन हकीकत कोई उनसे पूछे जो रात दिन बिजली का इंतजार करते रहते हैं। ग्रामीण इलाकों का तो बुरा हाल है। बढ़ते संकट से लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
बिजली कंट्रोल रूम में रखे सप्लाई रजिस्टर को देखेंगे तो पता चलेगा कि पिछले पांच दिनों में महानगर में मामूली बिजली कटौती की जा रही है। जबकि पिछले कई दिनों से महानगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की होने वाली अंधाधुंध कटौती किसी से छिपी नहीं है। कभी फाल्ट के नाम पर बत्ती गुल हो रही है तो कभी बिजली घरों की मरम्मत के नाम पर। कभी ओवरलोड ट्रांसफार्मर को बचाने के लिए पावर कट कर दिया जाता है। लेकिन इन बिंदुओं को कहीं दर्ज नहीं किया जा रहा है।
रोस्टर के अनुसार बिजली कटौती का समय
ग्रामीण क्षेत्र
सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक
दोपहर 12: 50 से 02: 50 बजे तक
महानगर में
24 घंटे बिजली की आपूर्ति होनी है। मुख्यालय के आदेशानुसार
तिथि आपूर्ति महानगर बिजली कटौती आपूर्ति ग्रामीण बिजली कटौती
11 अप्रैल 2022 23 घंटे 40 मिनट 20 मिनट 19 घंटे 19 मिनट 41 मिनट
12 अप्रैल 2022 23 घंटे 08 मिनट 52 मिनट 19 घंटे 21 मिनट 39 मिनट
13 अप्रैल 2022 23 घंटे 13 मिनट 47 मिनट 19 घंटे 22 मिनट 38 मिनट
14 अप्रैल 2022 23 घंटे 48 मिनट 12 मिनट 20 घंटे 41 मिनट 41 मिनट ज्यादा ( आंबेडकर जयंती पर)
15 अप्रैल 2022 23 घंटे 49 मिनट 11 मिनट 19 घंटे 40 मिनट 20 मिनट
( जिले के कंट्रोल रूम में रखे रजिस्टर्ड के अनुसार बिजली कटौती का रोस्टर)
अधिकांश जगहों पर लोकल फाल्ट होने के कारण सप्लाई बाधित रहती है। इस कारण उपभोक्ताओं को पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल पा रही है। गर्मी बढ़ते ही ट्रांसफार्मरों में ओवरलोड की समस्या आने लगी है। जो रिपोर्ट लोकल पावर हाउस से बिजली कटौती की मिलती है। उसको रजिस्टर में लिखा जाता है। इसके बाद अगले दिन आगरा रिपोर्ट भेज दी जाती है। - पार्थिव कुमार, मुख्य अभियंता