झांसी। अजीत यादव की हैट्रिक की मदद से मेजबान उत्तर प्रदेश हॉकी ने यहां चल रही 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बृहस्पतिवार को विजयी आगाज किया। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में फ्लडलाइट की दूधिया रोशनी में खेले गए मुकाबले में यूपी ने अपने पहले मैच में चंडीगढ़ को 5-0 से शिकस्त दी।
हाॅकी इंडिया, उप्र हाॅकी के तत्वावधान एवं जिला प्रशासन झांसी और क्षेत्रीय खेल कार्यालय के संयुक्त समन्वय से जारी इस टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को कुल आठ मुकाबले खेले गए। इनमें तेलंगाना, झारखंड, केरल, ओडिशा, मणिपुर और मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की टीमों ने जीत दर्ज की, जबकि पंजाब और बंगाल के मुकाबले बराबरी पर छूटे।
उत्तर प्रदेश हॉकी और चंडीगढ़ के बीच खेले गए मुकाबले में यूपी की टीम शुरू से ही हावी रही। अजीत यादव ने तीन गोल दागकर चंडीगढ़ के डिफेंस को भेद दिया। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शारदानंद तिवारी और मोहम्मद हरीश ने एक-एक गोल कर टीम की 5-0 से जीत सुनिश्चित की।
केरल ने उत्तराखंड को 13-6 से हराया
दिन के पहले मैच में तेलंगाना हॉकी ने गोवा हॉकी को 3-2 गोल से हराया। तेलंगाना की ओर से पीआर अयप्पा, कप्तान शिवकुमार शिवांगी और अर्जुन यादव ने एक-एक गोल किया। हॉकी झारखंड ने दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव हॉकी को 2-0 गोल से शिकस्त दी। जोसेफ कोंगरी और जोसेफ टोपनो ने एक-एक गोल किया। केरल हॉकी ने उत्तराखंड को 13-6 गोल से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। ओडिशा ने छत्तीसगढ़ हॉकी को 8-1 से पराजित किया। ओडिशा की ओर से अनमोल इक्का ने सर्वाधिक पांच गोल दागकर मुकाबले में अपना दबदबा कायम किया। सुदीप चिरमाको ने दो और आर्यन जेस ने एक गोल किया।
पंजाब और बंगाल ने खेला ड्रॉ
मणिपुर ने दिल्ली को 5-2 से हराया। मणिपुर की ओर से साइरिल लुगुन ने दो, जबकि किंगसन सिंह, तालीम प्रियोबर्ता और विजय कुमार गोड ने एक-एक गोल किया। मध्य प्रदेश ने एलई पुडुचेरी को 4-2 गोल से पराजित किया। मध्य प्रदेश की ओर से अर्जुन शर्मा ने दो तथा कप्तान यूसुफ अफान और प्रताप लकरा ने एक-एक गोल किया। पंजाब और बंगाल का मुकाबला 1-1 गोल से बराबर रहा। पंजाब की ओर से उज्ज्वल सिंह और बंगाल की ओर से किशोर लकरा ने गोल किया। मैचों के दौरान समाजसेवी संतराम चौधरी, ओलंपियन एवं चयनकर्ता बलविंदर सिंह शम्मी और भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के चयनकर्ता एवं कोच फ्रेडरिक सोयेज, झांसी हॉकी के सचिव सुबोध खांडेकर, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह पटेल और उप क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार मौजूद रहे।