झांसी। सोमवार को मौजा सिमरधा के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसके जरिए उन्होंने हवाई अड्डे के निर्माण के लिए सिमरधा की जमीन अधिग्रहित नहीं किए जाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी कई बार सरकारी योजनाओं के लिए उनकी जमीन अधिग्रहीत की जा चुकी है। थोड़ी सी बची हुई कृषि योग्य भूमि के सहारे वे अपना जीवन यापन कर रहे हैं। ऐसे में ये जमीन भी चली जाने से वे बेरोजगार और बेघर हो जाएंगे। उन्होंने सुझाव दिया कि हवाई पट्टी का विस्तार नया गांव क्षेत्र में कर दिया जाए तो न तो नहर का अधिग्रहण करना होगा और न ही राष्ट्रीय राजमार्ग विस्थापित करना होगा। इससे आबादी भी प्रभावित नहीं होगी। पूर्व में मौजा रुद्र करारी में भी हवाई पट्टी का सर्वे कराया गया था, जिसमें शासन को पर्याप्त भूमि कम सर्किल रेट में उपलब्ध हो रही थी। ग्रामीणों ने मौजा सिमरधा में हवाई पट्टी का विस्तार न किए जाने की प्रशासन से गुहार लगाई। इस मौके पर प्रतिपाल श्रीवास, राघवेंद्र सिंह, बादाम सिंह, दिवाकर अवस्थी, विकास अहिरवार, पवन यादव आदि समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।