झांसी। महानगर की आबोहवा को दुरुस्त करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निगम और वन विभाग मिलकर काम करेंगे। जल्द ही टोल फ्री नंबर जारी कर दिया जाएगा और शिकायत आने पर विभागीय अधिकारियों को प्रदूषण करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी। प्रदूषण की रोकथाम के लिए एक्शन प्लान भी तैयार हो गया है। इसके उल्लंघन पर कार्रवाई होगी।
केंद्र सरकार की ओर से संचालित किए जा रहे राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम में झांसी को शामिल किया गया है। अब जिले में खनन, सफाई कार्य और वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को कम किया जाना है। शासन की ओर से नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को इसका जिम्मा सौंपा गया है। वायु प्रदूषण रोकने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है, जिसमें नगर निगम, वन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को शामिल किया गया है। जल्द ही शासन की तरफ से एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा, जिस पर कोई भी व्यक्ति सीधे फोन करके प्रदूषण फैलाने वाले की शिकायत कर सकेगा। शिकायत आने पर जिम्मेदार विभागों को प्रदूषण फैलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी। साथ ही रिपोर्ट भी शासन को भेजनी होगी। प्रदूषण की रोकथाम के लिए जो एक्शन प्लान तैयार किया गया है, उसके तहत निर्माण कार्य के दौरान चारों तरफ जाल लगाना होगा। पानी का छिड़काव करना होगा, ताकि धूल के कण उड़कर हवा को प्रदूषित न कर सकें।
इलाकों का शुरू होगा सर्वे
अपर नगर आयुक्त शादाब असलम ने बताया कि महानगर में अधिक वायु प्रदूषण वाले इलाकों का सर्वे कराया जाएगा। प्रदूषण नियंत्रित करने के उपायों को लागू किया जाएगा।