झांसी। किसानों को कृषि उपकरण दिए जाने के लिए शुक्रवार को कृषि विभाग का पोर्टल खोला गया लेकिन, महज दस मिनट के भीतर ही पोर्टल लॉक हो गया। बेहद कम समय के लिए पोर्टल खुलने की वजह से तमाम किसानों को मायूस होना पड़ा।
पराली से निपटने के लिए सरकार ने इस बार पहले से कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पराली से निपटने में कारगर उपकरण किसानों को सब्सिडी पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनके लिए शुक्रवार को किसान पोर्टल रजिस्ट्रेशन के लिए खोला गया। पंजीकरण कराने वाले किसानों को टोकन नंबर दिया गया, जिसके जरिए वह सब्सिडी हासिल कर सकेंगे। आज दोपहर करीब ग्यारह बजे जैसे ही पोर्टल खुला, बड़ी संख्या में किसानों की ओर से पंजीकरण आंरभ हो गया। तयशुदा संख्या पूरा होने में महज दस मिनट का समय लगा। इसके तुरंत बाद पोर्टल बंद हो गया। तमाम किसान अपना पंजीकरण नहीं करा सके। तमाम किसानों ने तयशुदा समय पर पोर्टल न खुलने की बात कही। बता दें, सुपर स्ट्रा मैनजेमेंट सिस्टम, हैप्पी सीडर, जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, पैंडी स्ट्रापर, रोटरी स्लेशर, वेलिंग मशीन, रीपर कम बाइंडर जैसी तमाम मशीनों के लिए सब्सिडी दी जा रही। बाजार में यह मशीनें काफी महंगी हैं लेकिन, सरकारी छूट में यह करीब चालीस से पचास फीसद तक छूट में मिल रही हैं।