झांसी। शासन के पत्र में अधिवक्ताओं के लिए अराजक शब्द का प्रयोग करने से अधिवक्ता आक्रोशित हैं। इसके विरोध में शुक्रवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
अधिवक्ताओं ने बताया कि शासन के विशेष सचिव प्रफुल्ल कमल व अपर प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी द्वारा जारी किए गए पत्रों में अधिवक्ताओं के लिए अराजक शब्द का प्रयोग किया गया है। ये अधिवक्ताओं को अपमानित करने का काम है। शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुुुए अधिवक्ताओं ने जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष उदय राजपूत व सचिव छोटेलाल वर्मा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा, जिसके जरिये शासन के उक्त पत्रों को वापस लेने की मांग की गई। इस मौके पर अजय मिश्रा, अशोक पटैरिया, अविनाश मिश्रा, सूर्यप्रकाश राय, हिमांशु सक्सेना, बृजेंद्र सिंह, राजेश कुमार चौरसिया, मोहन प्रकाश खरे, संजीव चतुर्वेदी, नरेंद्र अग्रवाल, अरविंद सक्सेना आदि मौजूद रहे।
वहीं, आयकर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय खन्ना के नेतृत्व में आयकर अधिवक्ता भी न्यायिक कार्य से विरत रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन के जरिये विशेष सचिव को अधिवक्ताओं पर दिए गए बयान पर माफी मांगने की मांग की। इस मौके पर अनिल गुरनानी, राकेश झा, अभय शर्मा, विजय नारायण कनकने, वैभव अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, सुषमा अग्रवाल, जीएस सलूजा आदि मौजूद रहे। संचालन सचिव राजेश गुप्ता ने किया।
वकीलों की सेहत की हुई जांच
झांसी। शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ की ओर से झांसी क्लब में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने किया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वकीलों की सेहत की जांच कर उन्हें परामर्श दिया।