झांसी। सात साल बाद झांसी में जून में फिर मेघ मेहरबान हुए हैं और जनपद में औसत बारिश से ज्यादा पानी गिरा है। इस महीने करीब 115 मिलीमीटर बरसात हुई है। हालांकि, 2013 में जून में हुई बारिश का रिकॉर्ड नहीं टूट सका है।
झांसी में इस बार 14 जून से प्री-मानसूनी बारिश शुरू हो गई थी। 18 जून को जिले में मानसून की दस्तक हुई। उसके बाद से लगातार पानी गिर रहा है। सोमवार को भी सुबह से देर शाम तक रुक-रुककर हल्की बरसात होती रही। दिनभर में करीब चार मिलीमीटर पानी गिरा। जून की औसत वर्षा 73.3 मिलीमीटर है। मौसम विभाग के आंकड़े देखें तो इससे पहले वर्ष 2017 में झांसी में 90.70 मिलीमीटर बारिश हुई थी। उसके बाद से अब जनपद ने औसत वर्षा का आंकड़ा पार किया है। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि आगामी चार-पांच दिन और लगातार बारिश के आसार हैं। उसके बाद आसमान साफ रहने से तेज धूप खिल सकती है।
जनपद में 23 सालों के आंकड़े देखें तो जिले में बारिश ने आठवीं बार औसत वर्षा का आंकड़ा पार किया है। इनमें चार बार ऐसा मौका आया है, जब जून में अच्छी वर्षा होने पर जनपद में औसत बारिश से ज्यादा पानी गिरा है। इस बार देखना होगा कि औसत वर्षा यानी 850 मिलीमीटर का आंकड़ा झांसी छू पाता है या नहीं।