संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। झांसी की एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स ट्रैफिकिंग फोर्स) व मंझनपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार अंतरराज्यीय गांजा तस्कर पकड़े गए। पुलिस ने इनके कब्जे से दो लग्जरी कार व 50 लाख रुपये कीमत का 101 किलो गांजा बरामद करने का दावा किया है। वहीं, तीन तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। खिलाफ लिखापढ़ी करने के बाद पकड़े गए तस्करों को जेल भेज दिया गया।
झांसी की एएनटीएफ ने रविवार की दोपहर मंझनपुर पुलिस के साथ इलाके के देवखरपुर निवासी आकाश मौर्य के घर छापा मारा तो वहां अलग-अलग बोरियों में छिपाकर रखा गया 101 किलो ग्राम गांजा बरामद हुआ। एएनटीएफ झांसी से ही पीछा कर रही थी।
सोमवार को पत्रकार वार्ता करते हुए एसपी राजेश कुमार ने बताया कि बरामद गांजा की बाजार में अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये के आसपास है। पुलिस टीम ने मौके से गृहस्वामी आकाश के साले सोनू मौर्य निवासी फुलवामऊ थाना राधानगर, जिला फतेहपुर, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र के बंधवापार अरविंद नगर निवासी राजेंद्र भोई, बिलासपुर के ही रतनपुर थाना क्षेत्र के भेड़ीमुड़ा निवासी अमर ठाकुर व शिवम कश्यप को गिरफ्तार किया।
एसपी के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों ने छत्तीसगढ़ से गांजा मंगवाया था। आरोपी काफी दिनों से यह काम कर रहे थे। वह गांजा अलग-अलग ठिकानों में छिपाकर रखा करते थे। बरामद गांजा कौशाम्बी, फतेहपुर और प्रयागराज जिले में भांग की दुकानों में फुटकर बेचने की तैयारी कर रहे थे।
एसपी ने बताया कि गांजा तस्करी में शामिल छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर कोरबा निवासी विनय प्रतापति, मंझनपुर के देवखरपुर निवासी आकाश व फतेहपुर जिले के राधा नगर क्षेत्र के फुलवामऊ निवासी रविशंकर दिवाकर की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी को भी लगा दिया गया है।