ललितपुर। जिले के सतवांसा गांव का सोनू सिंह 13 साल तक पाकिस्तान की जेलों में रहकर वापस भारत लौट आया है, लेकिन पिछले एक महीने से वो अमृतसर में फंसा हुआ है। दस्तावेजों की कमी की वजह से उसका घर वापस आना मुश्किल बना हुआ है। परिजन परेशान हैं, उन्हें एक-एक दिन भारी पड़ रहा है। बावजूद, सोनू की वापसी को लेकर प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं की जा रही है।
थाना मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम सतवांसा निवासी रोशन सिंह का पुत्र सोनू सिंह (35) तेरह साल पहले अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। इसी साल मार्च में परिजनों के पास सूचना आई कि सोनू पाकिस्तान की जेल में बंद है। 26 अक्तूबर को उसे रिहा कर भारत वापस भेज दिया गया। यहां उसे अमृतसर के कम्यूनिटी सेंटर में रखा गया है। सूचना पाते ही सोनू के पिता रोशन सिंह और चाचा उसे लेने पहुंच गए। लेकिन, वे उसे वापस अपने साथ ला नहीं पाए। ललितपुर प्रशासन की ओर से जारी किया हुआ कोई दस्तावेज न होने की वजह से अमृतसर प्रशासन ने सोनू को उसके पिता के सुपुर्द नहीं किया। ऐसे में सोनू सिंह अमृतसर में रहकर घर लौटने का इंतजार कर रहा है। जबकि, यहां उसके परिजनों को एक-एक दिन भारी पड़ रहा है। सोनू की ललितपुर वापसी कागजी प्रक्रिया में अटक कर रह गई है। दरअसल, सोनू को वापस लेने अमृतसर पहुंचे उसके पिता अपने साथ राशन कार्ड ले गए थे, जिसमें सोनू का नाम दर्ज था। इसके अलावा ग्राम पंचायत की ओर जारी किया हुआ एक पत्र था। लेकिन, अमृतसर प्रशासन ने इस दस्तावेजों को नाकाफी बताते हुए उसे पिता की सुपुर्दगी में देने से इंकार कर दिया। अमृतसर प्रशासन की ओर से ललितपुर प्रशासन की ओर से जारी किए हुए दस्तावेज मांगे गए, जो अब तक तैयार नहीं हो पाए हैं, जिससे सोनू का वापस ललितपुर लौटना अटका हुआ है।
अपर जिलाधिकारी से मुलाकात करके कानपुर से मंगाया गया एक प्रपत्र उन्हें बताया है। जिस पर एडीएम ने मड़ावरा एसडीएम और पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में अवगत कराने की बात कही है। शीघ्र ही सोनू सिंह के लौटने की उम्मीद है।
- गंधर्व सिंह लोधी, भाजपा नेता (सोनू सिंह के रिश्तेदार)
---
अभी कोई स्पष्ट प्रपत्र शासन स्तर से नहीं आया है। इस संबंध में जानकारी ली जा रही है। जो भी दस्तावेज मांगे जाएंगे, नियमानुसार वो उपलब्ध कराए जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सोनू सिंह को अमृतसर से वापस ललितपुर लाया जाएगा।
- अनिल कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी, ललितपुर।