बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस और कॉलेज में प्रवेश परीक्षा के जरिए भरी जाने वाली सीटों के ऑनलाइन आवेदन की तिथि खत्म हो चुकी है। सबसे ज्यादा होड़ डी फार्मा और एलएलएम में प्रवेश को लेकर है। इसके अलावा बीएससी व एमएससी एग्रीकल्चर, बीपीएड, एमएड, बीएएलएलबी में भी कई छात्रों ने आवेदन किया है। वहीं, एमएफसी, एमएससी इलेक्ट्रॉनिक्स समेत कई कोर्सों का बहुत बुरा हाल भी है। बीयू में अब दो जुलाई को प्रवेश परीक्षाहोगी।
पहले फॉर्म कम आने की वजह से यूनिवर्सिटी ने प्रवेश परीक्षा वाले विषयों के फॉर्म भरने की अंतिम बढ़ाकर 20 जून कर दी थी। 15 जून तक बिना विलंब शुल्क और इसके बाद 500 रुपये शुल्क के साथ फॉर्म भरे गए। अब देखने को मिला है कि बीएससी एग्रीकल्चर में डेढ़ गुना से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है। वहीं, एलएलबी के प्रति विद्यार्थियों का रुझान इस बार कम दिखा है, जबकि एलएलएम में प्रवेश के लिए सीटों के मुकाबले चार गुने छात्र लाइन में हैं।
इसी प्रकार बीएएलएलबी के लिए लगभग दो गुने, बीपीएड के लिए तीन गुने, बीएससी एग्रीकल्चर के लिए डेढ़ गुने, एमएससी एग्रीकल्चर के लिए लगभग साढ़े तीन गुने, एमएससी फॉरेंसिक साइंस के लिए ढाई गुने छात्र प्रवेश के लिए लाइन में हैं। वहीं, एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी फिजिक्स, एमएससी जूलोजी, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी, एमएससी फूड टेक के लिए भी विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा होगी।
बीयू परिसर में चल रहे एमएफसी, एमएससी इलेक्ट्रॉनिक्स, एमएससी इन्वॉयरमेंट साइंस, एमएससी बायोमेडिकल साइंस, एमएससी स्टैटिक्स समेत कई कोर्सों का हाल बेहाल है।
इतने आए फॉर्म
बीएससी एग्रीकल्चर में 2950 आवेदन हैं। बीयू में 240 और कॉलेजों में 1540 सीटें हैं। बीएएलएलबी में 175 आवेदन के मुकाबले 80 सीटें हैं। डीफार्मा में 420 आवेदन आए, जबकि सिर्फ 60 सीटें हैं। एमएड की बीयू में 50 समेत 280 सीटें हैं। 340 छात्रों ने ऑनलाइन फॉर्म भरे है। बीयू में एलएलबी की 240 समेत कुल 1540 सीटें हैं। इसके लिए 1025 आवेदन आए। बीपीएड में बीयू की 50 समेत कॉलेजों को मिलाकर 300 सीटें हैं, इसमें प्रवेश के लिए 886 आवेदन किए गए। एमएससी एग्रीकल्चर के लिए 870 विद्यार्थियों ने फॉर्म भरा है। बीयू की 160 समेत कुल 265 सीटें हैं। एमएससी केमिस्ट्री में 269 सीट के मुकाबले 370, एमएससी फिजिक्स में 159 सीट के मुकाबले 270, एमएससी जूलोजी में 239 सीट की तुलना में 400, एलएलएम में 40 सीट की तुलना में 160, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी में 40 सीट की तुलना में 55, एमएससी फॉरेंसिक साइंस में 40 सीट के मुकाबले 110, एमएससी फूड टेक में 40 सीट के मुकाबले 80 आवेदन आए हैं।
इन कोर्सों का बुरा हाल
एमएफसी में 60 सीटों की तुलना में महज आठ विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इसके अलावा एमएसडब्ल्यू की 60 सीट के मुकाबले 25, एमएससी बायोमेडिकल साइंस की 40 सीट के मुकाबले छह, एमएससी इन्वॉयरमेंट साइंस की 30 सीट की तुलना में आठ, एमएससी इलेक्ट्रॉनिक्स की 60 सीट के सापेक्ष सात, एमएससी स्टैटिक्स की 60 सीट के सापेक्ष सात, एमएससी बायोकेमिस्ट्री की 40 सीट की तुलना में 15, एमफार्मा की 30 सीट के मुकाबले 20 छात्रों ने फॉर्म भरे हैं। वहीं, एमएससी बायोटेक्नोलॉजी की 40 सीट की तुलना में 38, एमएससी बॉटनी की 279 सीट के मुकाबले 215, एमएससी मैथ्स की 420 सीटों के सापेक्ष 315 आवेदन आए हैं।
बीयू परिसर में होगी परीक्षा
दो जुलाई को बीयू में विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। सुबह नौ से 11 की पाली में एमएड, एलएलबी, बीपीएड, एमएसडब्ल्यू, एमएफसी के 2288 विद्यार्थी साइंस ब्लॉक, आईटी बिल्डिंग, इंजीनियरिंग बिल्डिंग में परीक्षा देंगे। दोपहर एक से तीन की पाली में बीएससी एजी, बीएएलएलबी, डीफार्म के 3528 छात्र-छात्राएं परीक्षा भवन में परीक्षा देंगे। शाम चार से छह की पाली में एमएससी एग्रीकल्चर, एमएससी बायोकेमिस्ट्री, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी, एमएससी बायोमेडिकल साइंस, एमएससी इनवॉयरमेंट साइंस, एमएससी फॉरेंसिक साइंस, एमएससी फूड टेक, एमएससी बॉटनी, एमएससी इलेक्ट्रॉनिक्स, एमएससी मैथ्स, एमएससी स्टैटिक्स, एमफार्मा, एलएलएम, एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी फिजिक्स, एमएससी जूलोजी की परीक्षा इंजीनियरिंग बिल्डिंग, साइंस ब्लॉक, आईटी बिल्डिंग, परीक्षा भवन होगी।