झांसी। पुलिस पर कार्यकर्ताओं संग दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय के सामने चक्का जाम कर दिया। इस वजह से वहां करीब आधा घंटे तक अफरातफरी फैली रही। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे बाजी की। चक्का जाम की सूचना मिलने पर कई थानों से पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस अफसरों ने कार्यकर्ताओं को किसी तरह समझा-बुझाकर वहां से हटाया।
एबीवीपी नेताओं का कहना है कि शुक्रवार देर-रात नगर निगम के पास विभाग संगठन मंत्री आकाश कुशवाहा अपने साथी उदय राजपूत के साथ जा रहे थे। इसी दौरान उनको एक मोटर साइकिल सवार युवक ने टक्कर मार दी। इस पर आकाश ने युवक को टोका लेकिन युवक ने अभद्रता करनी शुरू कर दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक होने लगी। उसी समय वहां इलाइट चौकी प्रभारी पवन जायसवाल पहुंच गए। चौकी प्रभारी दोनों पक्षों को लेकर नवाबाद थाने पहुंच गए। एबीवीपी नेताओं का आरोप है कि थाने में चौकी प्रभारी ने संगठन मंत्री आकाश एवं उदय राजपूत से अभद्रता की। शनिवार सुबह दर्जनों कार्यकर्ता चौकी प्रभारी को निलंबित किए जाने की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गए। नाराज कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय के सामने की सड़क पर जाम लगाकर वहां धरने पर बैठ गए। जाम लगने से थोड़ी ही देर में वहां वाहनों की कतार लगने लगी। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना मिलने पर नवाबाद समेत कई थानों से पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। एसएसपी के दखल के बाद कार्यकर्ताओं ने जाम खत्म किया। एसएसपी ने चौकी प्रभारी पवन को लाइन हाजिर करके उनकी जगह अश्विनी दीक्षित को चौकी प्रभारी बना दिया है।