Absent lekpal sallary stop in samadan day
झांसी। जिलाधिकारी आंद्रा वामसी एवं एसएसपी दिनेश कुमार पी ने शनिवार को थाना बबीना में आयोजित सामाधान दिवस में हिस्सा लिया। इस दौरान अनुपस्थित तीन लेखपालों का वेतन जिलाधिकारी ने रोकने के निर्देश दिए।
डीएम ने समाधान दिवस को सर्वोच्च प्राथमिकता में बताते हुए ढिलाई न बरतने के निर्देश मातहतों को दिए। शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण करने की जरूरत बताई। साथ ही शिकायतकर्ता को भी इससे अवगत कराने को कहा। उन्होंने सभी राजस्वकर्मियों को अपने क्षेत्र के थानों में उपस्थित रहकर शिकायतों को निस्तारित करने में सहयोग करने के लिए कहा। समाधान दिवस में अनुपस्थित लेखपाल आनंद स्वरूप खरे, रवींद्र मिश्रा, हरिश्चंद्र का वेतन रोकने का आदेश दिया। एसएसपी दिनेश
कुमार पी ने भी पुलिसकर्मियों को संवेदनशील होकर शिकायतों का निस्तारण करने की नसीहत दी। इस दौरान राजगढ़ सिमरिया निवासी रामस्वरूप ने अपनी भूमि पर दबंगों के कब्जे की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम बनाकर तत्काल उनको मौके पर रवाना किया। इस दौरान तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त एवं आईजी ने भी देखा समाधान दिवस
मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा एवं आईजी एसएस बघेल ने सीपरी बाजार में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को गंभीरता पूर्वक निस्तारित करने के निर्देश दिए। आईजी ने भी थाना परिसर में बने कोविड हेल्प डेस्क समेत अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए।