अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रविवार दोपहर झांसी-ललितपुर हाईवे पर रक्सा के सिजवाहा गांव के पास बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि युवक शराब छोड़ने की मन्नत मांगने के लिए मंदिर जा रहा था। पुलिस ट्रक चालक को तलाशने में जुटी है।
थाना बबीना के मोटा गांव निवासी संतराम अहिरवार (30) प्राइवेट काम करता था। परिजनों ने बताया कि परिवार में पत्नी रोशनी समेत छह साल का बेटा कृष्ण एवं चार साल की बेटी राशि है। संतराम शराब पीने का आदी था। इससे परिवार के लोग परेशान रहते थे। संतराम भी शराब छोड़ना चाहता था। रविवार को वह सिमरा गांव में खातीबाबा मंदिर में शराब छोड़ने की मन्नत मांगने निकला था। अपने साथ पड़ोस में रहने वाले अखिलेश (32) को भी ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जैसे ही दोनों सिजवाहा गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। संतराम ट्रक के पहिये में फंसकर करीब 200 मीटर घसीटता गया। अखिलेश के पांव ट्रक के नीचे आ गए। अखिलेश भी घायल होकर तड़पता रहा। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। अखिलेश के भी परिवार के लोग पहुंच गए। उनका कहना था कि अखिलेश की 6 साल पहले शादी हुई थी। अभी उसकी कोई संतान नहीं है।