- परिजन ने कहा मूंग की फसल में पानी देते समय हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आए युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन खेत पर मूंग की फसल में पानी देते समय बिजली खंभे की रॉड में करंट आने से मौत होने की बात कह रहे हैं।
थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम साढूमल निवासी भरत प्रसाद (28) की मंगलवार को हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। चचेरे भाई दौलत के मुताबिक मंगलवार की शाम को भरत प्रसाद अपने खेत में खड़ी मूंग की फसल में पास से निकले नाले में मोटर डालकर पानी दे रहा था। पानी देते समय उसके खेत के पास खड़े खंभे पर हाईटेंशन लाइन में अचानक स्पार्किग हुई। जिससे खंभे की स्टे रॉड में करंट आ गया। स्टे रॉड के पास मौजूद भरत प्रसाद करंट की चपेट में आकर मौके पर ही गिरकर अचेत हो गया। दौलत ने यह भी बताया कि आसपास खेतों में मौजूद लोगों ने जब घटना देखी तो तत्काल भरत प्रसाद को वहां से उठाकर मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाई-दो बहनों में दूसरे नंबर का था और उसके दो पुत्रियां हैं। वह 25 डिसमिल में खेती किसानी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था।