संवाद न्यूज एजेंसी
बंगरा। पानी न आने से परेशान ग्राम रजपुरा के ग्रामीण बुधवार को खंड विकास कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने बताया कि पानी न आने की वजह से गर्मी में उन्हें भारी समस्या का सामना करना पड़ रह है। उन्होंने जलापूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी भी की।
खंड विकास कार्यालय पहुंचे ग्राम रजपुरा के बृजेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, मालती, शकुंतला, गिरिजा, विद्या देवी, मुन्नी देवी, सुरेंद्र सिंह, रामेश्वर, शांति देवी सविता रामदेवी समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि गांव में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। गांव में जहां पानी की आपूर्ति की जा रही है, वहां पहले से ही पानी उपलब्ध है। जबकि, संकटग्रस्त क्षेत्र में पानी नहीं भेजा जा रहा है। इसके अलावा टैंकर भी नहीं भेजे जा रहे हैं। ग्रामीणों को पानी के लिए यहां-वहां भटकना पड़ रहा है। उन्होंने नारेबाजी करते हुए समस्या के समाधान की मांग की।
इस संबंध में पंचायत सचिव नवजीत कटियार ने बताया कि गांव में पानी की समस्या के समाधान के उपाय किए जा रहे हैं। सभी को पानी उपलब्ध हो, ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है।