झांसी। बबीना थाना इलाके के आरामशीन क्षेत्र में एक प्राइवेट शिक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शव के पास से मिले सुसाइट नोट से आत्महत्या की कोई वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिजन भी इसे लेकर अनजान है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
आरामशीन क्षेत्र की शिव कॉलोनी निवासी उमेश कुमार गुप्ता (57) प्राइवेट शिक्षक थे। इसके अलावा वे गिफ्ट आइटम की दुकान का संचालन भी करते थे। मंगलवार को सुबह वे घर से निकले थे, लेकिन, इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। बुधवार की अल सुबह उनका शव दुकान के पास बनी सीढ़ी के गेट के पास फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। तलाशी में शव के पास से एक सुसाइट नोट बरामद हुआ, जिसमें लिखा गया है कि ‘मैं स्वेच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं, इस संबंध में परिवार वालों या अन्य किसी को परेशान न किया जाए। धन्यवाद’। पोस्टमार्टम रूम के बाहर मौजूद मृतक के परिजन भी आत्महत्या की कोई वजह नहीं बता पाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।