झांसी। प्रेम संबंध में धोखा खाने के बाद युवक ने जहर खा लिया। छह दिन तक चले उपचार के बाद शनिवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक जालौन, तुलसीनगर निवासी आकाश (20) पुत्र संतोष वर्मा राठ रोड में पूड़ी-सब्जी का ठेला लगाता था। उसके पिता संतोष का कहना है कि आकाश का संबंध रिश्तेदारी की एक महिला के साथ हो गया था। दोनों के बीच काफी समय तक संबंध रहे। आकाश महिला को कमाई का एक हिस्सा भी देता था लेकिन, कुछ समय पहले दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद पैदा हो गया। महिला ने आकाश पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए पुलिस के पास पहुंच गई हालांकि इस मामले में दोनों के बीच समझौता हो गया। इसके कुछ दिन बाद महिला ने आकाश पर आठ हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगा दिया। आकाश ने अपने प्रेम का हवाला देते हुए उसे समझाने की कोशिश की लेकिन, महिला कोई बात सुनने को राजी नहीं हुई। आकाश ने मामला रफा-दफा करने के लिए महिला को चार हजार रुपये भी दिए लेकिन, संतोष का कहना है कि उसके बावजूद वह आकाश को दुष्कर्म के आरोप में फंसा देने की धमकी दे रही थी। महिला की इस धमकी और व्यवहार से आकाश काफी दुखी हो गया। वह तनाव में रहने लगा। 28 नंवबर को इसी वजह से उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने से उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे जालौन जिला अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन, उसकी नाजुक हालत को देखकर डॉक्टरों ने महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया। झांसी में उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि आकाश अभी अविवाहित था।