अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पारीछा में बेटी की शादी में लिए करीब साढ़े तीन लाख रुपये के कर्ज में दबे व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पारीछा स्टेशन रोड गली नंबर सात निवासी प्रतिपाल सिंह राजपूत ने बताया कि उनके छोटे भाई हरनाम सिंह (50) खेती-किसानी करते थे। गत वर्ष बेटी की शादी के लिए करीब साढ़े तीन लाख रुपये का कर्ज लिया। धान की फसल में नुकसान के चलते वह कर्ज चुका नहीं पाए। ब्याज भी नहीं चुका पा रहे थे, जिसकी वजह से तनाव में थे। शनिवार की दोपहर वह पहली मंजिल पर बने कमरे में गए और पंखे से फंदा बांधकर लटक गए। कुर्सी गिरने की तेज आवाज आई तो पहली मंजिल पर किराये पर रहने वालों ने खिड़की से देखा तो हरनाम फंदे पर लटक रहे थे। उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया लेकिन वह अंदर से बंद था। शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर फंदे से उतारा। सांसें चलती देख लोग मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस के अनुसार, शव घरवालों को सौंप दिया गया।
दूध-दही विक्रेता ने खाया जहर, मौत
झांसी। सीपरी बाजार थानांतर्गत ब्रह्मनगर में दूध-दही के विक्रेता ने शनिवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
ब्रह्मनगर निवासी राजेश यादव ने बताया कि उनके पिता मुन्नालाल यादव (55) दूध-दही का काम करते थे। वह नया मकान बनवा रहे थे, जिसकी वजह से तीन-चार दिन से तनाव में चल रहे थे। शनिवार को उन्होंने अज्ञात वजह से जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर आए, जहां उनकी मौत हो गई। ब्यूरो