झांसी। ऐतिहासिक लक्ष्मी ताल के किनारे सिद्ध चौपड़ा के आसपास खाली पड़ी जमीन का सौंदर्यीकरण कराने और महाराजा गंगाधर राव के नाम पर पार्क निर्माण की दिशा में नगर निगम ने कार्य शुरू कर दिया है। मंगलवार को नापजोख कर एक एकड़ जमीन चिह्नित की गई।
सिद्ध चौपड़ा में गणेश और दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। जून- जुलाई माह में नगर निगम ने इसकी सिल्ट साफ कराई थी। इसी दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने चौपड़ा का निरीक्षण कर सांसद निधि से लक्ष्मी ताल के समीप खाली पड़ी जमीन पर महाराजा गंगाधर राव के नाम पर पार्क बनवाने और आसपास सौंदर्यीकरण कराने की घोषणा की थी। साथ ही नगर आयुक्त को कार्य कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में मंगलवार को संपत्ति अधिकारी डा. पुष्पराज गौतम, मानचित्रकार के पी सिंह, लेखपाल मन्नी सिंह परिहार, कानूनगो एस के खरे की टीम ने आराजी नंबर 1297 व 1300 के कुछ हिस्से की नापजोख की। साथ ही सिद्ध चौपड़ा, कुआं व आसपास की जमीन का सीमांकन किया। पार्क निर्माण के लिए करीब 33 लाख रुपये का स्टीमेट तैयार किया गया है। राशि स्वीकृत होते ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम द्वारा रजक समाज मंदिर के किनारे से तालाब में जाने वाले कचरा आदि को रोकने के लिए बाउंड्रीवाल, कुआं की रिपेयरिंग, गेट, एपेक्स लगाने का कार्य किया जा रहा है।