झांसी। विधान परिषद के झांसी-जालौन-ललितपुर स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र का शनिवार को मतदान हुआ, जिसमें 98.90 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीनों जनपदों में से सर्वाधिक मतदान ललितपुर में 99.12 प्रतिशत हुआ। इसके साथ ही इस सीट पर किस्मत आजमा रहे चार प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतपेटियों में बंद हो गया। मतगणना 12 अप्रैल को होगी।
तीनों जनपदों में बनाए गए 37 मतदेय स्थलों पर मतदान की शुरुआत सुबह आठ बजे से हुई। शुरुआती दो घंटों में इक्का-दुक्का मतदाता ही मतदान के लिए आगे आए, जिससे सुबह 10 बजे तक सिर्फ 16.67 प्रतिशत ही मतदान हो पाया था। इसके बाद मतदान में तेजी आई। दोपहर 12 बजे तक 63.64 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। जबकि, दोपहर दो बजे तक 93.86 प्रतिशत मतदाता अपना वोट डाल चुके थे। निर्धारित अवधि शाम चार बजे तक 3828 मतदाताओं में से 3786 ने अपना वोट डाला। मतदान प्रतिशत 98.90 प्रतिशत रहा।
ललितपुर के 1020 मतदाताओं में से 99.12 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जालौन के 1413 मतदाताओं में से 98.94 प्रतिशत वोट डालने बूथ तक पहुंचे। जबकि, झांसी में 1395 मतदाताओं में से 98.71 प्रतिशत मतदाता मतदान के लिए आगे आए।
इसके साथ ही इस सीट पर किस्मत आजमा रहे चार प्रत्याशी भाजपा की रमा निरंजन, सपा के श्याम सुंदर सिंह पारीछा, निर्दलीय तेज प्रताप सिंह व दातार सिंह का राजनीतिक भविष्य मतपेटियों में बंद हो गया। तीनों जनपदों की मतपेटियां देर रात तक बुंदेलखंड महाविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा की जाती रहीं। मतगणना 12 अप्रैल को महाविद्यालय के कोठारी हाल में होगी। उधर, मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी /जिलाधिकारी रविंद्र कुमार व एसएसपी शिवहरी मीणा ने बूथों का भ्रमण किया।
12 बूथों पर हुआ शत-प्रतिशत मतदान
झांसी। विधान परिषद चुनाव के लिए तीनों जनपदों में बनाए गए 37 बूथों में से 12 पर शत प्रतिशत मतदान हुआ। जालौन के विकास खंड कार्यालय महेबा, नगर पालिका कार्यालय कालपी, प्राइमरी स्कूल एट व श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज पिरौना में सभी मतदाता वोट डालने पहुंचे। इसी प्रकार झांसी के नगर पालिका कार्यालय समथर, नगर पंचायत कार्यालय कटेरा, रानीपुर, टोड़ीफतेहपुर व गरौठा में शत प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि, ललितपुर जिले के नगर पंचायत कार्यालय पाली, विकासखंड कार्यालय मड़ावरा व विकासखंड कार्यालय बिरधा में बनाए गए बूथ में शत प्रतिशत मतदान हुआ।
पहचान पत्र न होने की वजह से लौटना पड़ा, जिला पंचायत में हुई मेहमान नवाजी
झांसी। मतदाताओं को बगैर निर्धारित पहचान पत्र के मतदान केंद्रों में प्रवेश नहीं दिया गया। इससे तमाम मतदाताओं को वापस घर जाकर अपने पहचान पत्र लाने पड़े या उन्होंने किसी को भेजकर मंगवाए। इससे उन्हें अपना वोट डालने के लिए इंतजार करना पड़ा। उधर, झांसी महानगर में एक मात्र मतदेय स्थल जिला पंचायत के डा. राम मनोहर लोहिया सभागार में बनाया गया था। इससे यहां जिला पंचायत परिसर में दिन भर चहल-पहल बनी रही। सभागार के सामने बने जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यालय में वोट डालने पहुंचे नेताओं की खूब आवभगत की गई।
सांसद ने नहीं डाला वोट
झांसी। महानगर में एक मात्र मतदेय स्थल जिला पंचायत के डा. राम मनोहर लोहिया सभागार में बनाया गया था। यहां क्षेत्रीय सांसद, जनपद के चारों विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य समेत 91 मतदाताओं को मतदान करना था। लेकिन, मतदान 90 ने ही किया। क्षेत्रीय सांसद वोट डालने के लिए नहीं पहुंचे।