चिरगांव। भूमि संरक्षण विभाग की ओर से वर्षा जल संचयन के लिए झांसी जिले में 920 तालाब बनाए जाएंगे। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत किसानों को ऑनलाइन बुकिंग करना होगा। यह प्रक्रिया दो जून से शुरू हो गई है। योजना के तहत चयन होने पर काम पूरा कराने के बाद लाभार्थी को पचास प्रतिशत अनुदान मिलेगा।
भूमि संरक्षण अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य बारिश के पानी को ज्यादा से ज्यादा बरबादी रोकना है। इसके लिए खेत तालाब योजना शुरू की गई है। खेत तालाब में संचित वर्षा का पानी आसपास के खेतों में बोई गई फसलों में किया जा सकता है। इससे फसलों की सिंचाई के साथ ही मत्स्य पालन भी किया जा सकता है ।