अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। समाजवादी पार्टी में 90 फीसदी यदुवंशी हैं। सपा को मथुरा में मंदिर बनाने के लिए पहल करनी चाहिए। रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ये बात निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने कही।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बन गया। चूंकि, यदुवंशियों का केंद्र मथुरा है। हर एक वंश के लोगों को अपनी विरासत लेनी चाहिए। फिर चाहें बातचीत से हो या लोकतांत्रिक ढंग से मगर विपक्ष दल अपनी विरासत का ही विरोध कर रहा है। इसलिए समाज इनके साथ नहीं है। एक सवाल के जवाब में कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान पीएम और गृह मंत्री के वीडियो को एडिट कर विपक्ष ने चलाया और समाज को गुमराह किया। ऐसे में विपक्ष ने लोकसभा चुनाव में कुछ सीटें जीत लीं। कहा कि बबूल के पेड़ के नीचे आम मिल जाए तो बबूल में आम नहीं फलता है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज को अनुसूचित जाति में शामिल कराने के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ता ने किया हंगामा
झांसी। सर्किट हाउस में निषाद पार्टी की महिला मोर्चा की सचिव नीलू रायकवार ने हंगामा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की भी उन्हें सूचना नहीं दी गई। इसके बाद अध्यक्ष संजय निषाद ने महिला कार्यकर्ता की बात सुनी।
खाकी वर्दी में फिशरमैन लाया चाय, मंत्री भड़के
सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान मत्स्य विभाग में तैनात एक फिशरमैन खाकी वर्दी में चाय लेकर आ गया। ये देखकर मंत्री भड़क गए। उन्होंने कहा कि खाकी वर्दी पहनकर चाय लाना गलत है। विभागीय अधिकारियों की भी उन्होंने क्लास ले ली। कहा कि फिशरमैन की ये ड्रेस नहीं होती है। एक अधिकारी को फोन करके भी मंत्री ने फटकार लगाई।