अब विकास कार्यों पर हर पल नजर रखेगी सरकार
प्रमुख सचिव को बनाया जिले का नोडल अफसर
हर महीने कामकाज की समीक्षा करेंगे
- केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं देखेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
सूबे की योगी सरकार ने विकास कार्यों की मानीटरिंग के लिए अब पहरा बैठा दिया है। सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव सुरेश चंद्रा को झांसी जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह हर महीने विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे, निरीक्षण करेंगे और शासन को रिपोर्ट देंगे। इसके पीछे मकसद है तय समय पर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को पूरा करना है।
नोडल अधिकारी को महीने में एक बार जिले का भ्रमण करना होगा तथा समीक्षा बैठक और निरीक्षण के लिए विभागवार एजेंडा तय कर दिया गया है। अब नोडल अधिकारी नियमित संबंधित विभाग से उसकी प्रगति रिपोर्ट लेंगे। इसमें राज्य सरकार की प्राथमिकता में कानून व्यवस्था विशेष रूप से डायल यूपी- 100 व 1090 शामिल है। आमजन की शिकायतें, तहसील दिवस, समाधान दिवस, राजस्व, राशन कार्डाें का सत्यापन, आधार कार्ड से लिंक करना, पीओएस मशीन लगाने की स्थिति, स्वच्छ भारत मिशन, रोस्टर के अनुसार बिजली मिल रही है या नहीं, कक्षा आठ तक सभी छात्रों की किताबें और यूनिफार्म वितरण, फसल ऋण माफी योजना के अंतर्गत किसानों के आधार कार्ड की फीडिंग, ई- टैंडरिंग, सड़कों को गड्ढामुक्त करने, सड़कों की मरम्मत, ग्रामीण संपर्क मार्गों की स्थिति, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) व वेक्टरजनित बीमारियों पर नियंत्रण शामिल हैं।
इसके अलावा केंद्र सरकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, अमृत योजना एवं स्मार्ट सिटी, अटल पेंशन, मनरेगा और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पर भी नजर रखी जाएगी। जिले के अधिकारियों को प्रमुख सचिव को समय-समय पर कामकाज की जानकारी देनी होगी। बताना होगा कि विकास कार्य में कहां बाधा है और इसे कैसे दूर किया जा सकता है। यह व्यवस्था हर जिले के लिए की गई है।