अब शनिवार को भी होंगे ऑपरेशन
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में अब शनिवार को भी ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में ऑपरेशन किए जाएंगे। मेडिकल कॉलेज में कई सालों से ओटी बंद करने की परंपरा खत्म हो जाएगी। शनिवार को धुलाई के नाम पर ओटी बंद रखने का ‘अमर उजाला’ ने ही उठाया था, इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने सप्ताह में छह दिन ओटी खोलने का फैसला लिया है।
शासन और एमसीआई के नियमों को ताक पर रखकर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में सप्ताह में पांच दिन यानी सोमवार से शुक्रवार तक ओटी खोली जा रही है। खुद का आंतरिक नियम बनाकर मेडिकल कॉलेज शनिवार को धुलाई के नाम पर ओटी की छुट्टी रखता है। मंगलवार को ‘अमर उजाला’ ने ‘खुद का नियम, शनिवार को ओटी रखते बंद’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन हरकत में आ गया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने बताया कि अब सप्ताह में शनिवार सहित छह दिन ऑपरेशन थिएटर में ऑपरेशन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले स्टाफ की कमी की समस्या बनी हुई थी। हाल ही में स्टाफ नर्स से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों तक मुहैया करा दिए गए हैं। इससे स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता हो गई है। फिर भी विभागीय सदस्यों से बात की जाएगी। यदि कुछ कमी है, तो उसे दुरुस्त कराया जाएगा। अगर कोई कमी नहीं है, तो अगले सप्ताह से छह दिन ओटी होने लगेगी।