झांसी। सभी ईवीएम जमा होने व पोलिंग स्टेशनों से आए प्रपत्रों के मिलान के बाद मतदान का आंकड़ा 2.03 प्रतिशत बढ़ गया है। नए आंकड़े के मुताबिक जिले के 65.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। झांसी सदर छोड़ बाकी सभी तीन विधानसभाओें में साठ प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मतदान किया।
रविवार को मतदान के बाद मतदान का 63.58 प्रतिशत बताया गया था। इसके बाद देर रात तक ईवीएम जमा करने की कार्यवाही चलती रही। इस दौरान पोलिंग स्टेशनों से आए प्रपत्रों का मिलान किया गया। इसके बाद मतदान का नया आंकड़ा 65.61 प्रतिशत का निकलकर सामने आया। जिले में सर्वाधिक मतदान बबीना विधानसभा में 70.55 प्रतिशत हुआ। मऊरानीपुर में 66.69 और गरौठा में 66.89 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, झांसी सदर सीट प्रथम श्रेणी का आंकड़ा नहीं छू पाई। यहां 59.60 प्रतिशत मतदान हुआ।