पुरानी पेंशन को लेकर संघर्ष रहेगा जारी
झांसी। लक्ष्मी बाई पार्क में विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन नीति को लेकर उनकी लड़ाई जारी रहेगी। इस मौके पर न्यू पेंशन स्कीम के फार्म भरने के मुद्दे पर चर्चा हुई। कई निर्णय लिये गये। इसके अलावा संगठन के विस्तार पर भी बल दिया गया।
रविवार को बैठक में जिलाध्यक्ष डा. अचल सिंह ने कहा कि विशिष्ट बीटीसी 2004 बैच के शिक्षक पुरानी पेंशन के हकदार हैं। इसके लिए सरकार और न्यायालय में लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार किया जाएगा। केके तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार के 2008 के स्मृति पत्र को राज्य सरकार लागू करे। इसके लागू होते ही 2004 बैंच के शिक्षक स्वत: पुरानी पेंशन के हकदार हो जाएंगे। इस अवसर पर महामंत्री सौरभ कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष जेपी बबेले, महेंद्र तिवारी, रविंद्र वर्मा, विजय साहू, शैलेश जैन, नंदिनी श्रीवास्तव, अमित वर्मा, वंदना अवस्थी, प्रतिमा कौशिक, नीरज कुशवाहा, राधा शिवहरे, पवन पांडे, विजय साहू, शाहीन आदि मौजूद रहीं।