श्रीधाम और बरौनी मेल निरस्त
दस से अधिक ट्रेनें दो से बारह घंटे तक देरी से आईं
कोहरे से ट्रेनों की बढ़ती जा रही लेटलतीफी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
कोहरे और ठंड के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। बृहस्पतिवार को ग्वालियर-बरौनी छपरा मेल और नई दिल्ली-जबलपुर एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया। साथ ही 10 से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से दो से 12 घंटे तक की देरी से आईं। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्वालियर से बरौनी मेल जाने वाली छपरा मेल बृहस्पतिवार को निरस्त रही। इस ट्रेन के न चलने से कानपुर और लखनऊ की तरफ जाने वाले यात्री बेहद परेशान रहे। दरअसल, यह ट्रेन झांसी से दोपहर दो बजे लखनऊ की तरफ रवाना होती है। दिन में लखनऊ की तरफ कोई दूसरी ट्रेन नहीं है। इस कारण यात्रियों के यह ट्रेन सुविधाजनक मानी जाती है। इस ट्रेन में यात्रियों को बैठने के लिए जगह भी आराम से मिल जाती है। इसी तरह नई दिल्ली से जबलपुर जाने वाली श्रीधाम एक्सप्रेस भी निरस्त रही। इससे जबलपुर की तरफ जाने वाले यात्रियों को अपने आरक्षण निरस्त कराने पड़े।
अहमदाबाद से दरभंगा जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस पांच घंटे, जनसाधारण एक्सप्रेस 12 घंटे, हीराकुंड एक्सप्रेस पांच घंटे, पनवेल गोरखपुर एक्सप्रेस 10 घंटे, चंबल एक्सप्रेस चार घंटे, बरौनी ग्वालियर छपरा मेल तीन घंटे, राप्तीसागर एक्सप्रेस तीन घंटे, जम्मू से पुणे जाने वाली झेलम एक्सप्रेस चार घंटे, बलसाड कानपुर चार घंटे, अमृतसर से बिलासपुर जाने वाली नौ घंटे समेत 10 से अधिक ट्रेनें तीन घंटे से अधिक देरी से आईं।
ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों का बुरा हाल रहा। वहीं, ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए पूछताछ कार्यालय में यात्रियों का जमघट लगा रहा। तीन घंटे से अधिक देरी से आने वाली ट्रेनों के यात्रियों को दूसरी गाड़ी में जाने के लिए परमिट किया गया। साथ ही आरक्षण निरस्त कराने वाले यात्रियों को पूरा किराया लौटाया गया। 50 यात्रियों ने अपने आरक्षण निरस्त कराए।