झांसी। मऊरानीपुर विधायक बिहारी लाल आर्य, सीओ सदर हिमांशु गौरव भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। जबकि, एक वृद्ध की मौत भी हो गई है। हालांकि, देश-प्रदेश के साथ-साथ पिछले कुछ समय से झांसी में भी कोरोना की रफ्तार घटने लगी है। शुक्रवार को 3887 सैंपलों की जांच में 36 केस सामने आए हैं।
पिछले एक सप्ताह से कोरोना वायरस का ग्राफ देश भर में घटने लगा है। यही स्थिति झांसी में भी देखने को मिल रही है। एक सप्ताह पहले तक जहां कोरोना के सौ से सवा सौ मरीज सामने आ रहे थे, वो अब काफी घट गए हैं। शुक्रवार को ही 3304 एंटीजन, 547 आरटीपीसीआर, 36 ट्रू नेट सैंपलों की जांच की गई। इनमें से महज 36 पॉजिटिव केस मिले। ये संक्रमित बाहर खंडेराव गेट, लालकुर्ती, सदर बाजार, प्रतापपुरा, लहरगिर्द, रक्सा, सदर बाजार, ग्रासलैंड, विवेकानंद कॉलोनी सिविल लाइन, डड़ियापुरा, पुलिस लाइन, मधुर कॉलोनी, करैरा, सिमथरी, करगुवां जी, दिलदार नगर, आवास विकास, गुमनावारा, रानीपुर, मोंठ, हीरापुर, विकास नगर राजगढ़, गुरसराय टीचर्स कॉलोनी, टपरयाना, प्रेमगंज, ईसाईटोला, वीरांगना नगर, पानी वाली धर्मशाला, शिवाजी नगर के रहने वाले हैं। इसके अलावा शुक्रवार को कोरोना से आदर्श नगर सीपरी बाजार निवासी 82 वर्षीय वृद्ध की मौत भी हो गई। वह हाईपरटेंशन और डायबिटीज से पीड़ित थे। अब झांसी में मरने वालों की संख्या 160 पहुंच गई है।