झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जुलाई को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करने के लिए उरई में आ रहे हैं। यहां जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए बुंदेलखंड के सभी जिलों से कार्यकर्ता बुलाए गए हैं। कार्यकर्ताओं के लिए बसों को भी व्यवस्था की गई है। झांसी और ललितपुर के लोगों को 325 बसों से ले जाया जाएगा। 11 जुलाई को बसें लगा दी जाएंगी। कुल मिलाकर यह मानिए कि दो दिन तक बसों का संकट रहेगा। कई रूट प्रभावित हो जाएंगे।
जालौन जिला प्रशासन ने रोडवेज से 600 बसें मांगी है। रोडवेज के अनुसार झांसी डिपो से तकरीबन 125 बसें लगाई जाएगी। 200 प्राइवेट बसे भी लगाई गईं हैं। ग्यारह जुलाई को झांसी के तमाम रूट खाली हो जाएंगे। क्योंकि 11 जुलाई को बसें जाएंगी और बारह को रैली के बाद कार्यकर्ताओं को लेकर वापस लौटेंगी। ऐसे में दो दिन का संकट तो रहेगा ही। कई रूट का प्रभावित होना तय माना जा रहा है।ल
ये रूट होंगे प्रभावित
झांसी से मऊरानीपुर, झांसी से गरौठा, झांसी से गरौठा मऊरानीपुर, झांसी से मारकुआं गरौठा, झांसी से धमना बरुआसागर - गरौठा, झांसी से एरच, झांसी से महोबा, झांसी से राठ, झांसी से दतिया, छतरपुर, झांसी से खजुराहो, झांसी से ललितपुर, ललितपुर के आठ रूट संबंधित, झांसी से शिवपुरी, करैरा, दतिया, ग्वालियर, झांसी से टीकमगढ़, झांसी से समथर, झांसी से चिरगांव, झांसी से उरई, झांसी से मोंठ, झांसी से कानपुर, झांसी से लखनऊ, झांसी से ग्वालियर, झांसी से दिल्ली आदि रूट होंगे प्रभावित ।
इंटरलॉकिंग काम के चलते झांसी से कानपुर रूट की कई ट्रेनें रद्द
झांसी। झांसी से कानपुर रेलवे रूट पर इंटरलॉकिंग का काम किया जा रहा है, जिसके चलते पिछले कई दिनों से कानपुर रूट पर चलने वाली ट्रेनें रद्द चल रही हैं। इससे ज्यादातर ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रोडवेज बसें ही एकमात्र सहारा था, लेकिन 11 और 12 जुलाई को बुंदेलखंड एक्सप्रेस के उद्घाटन के कार्यक्रम में झांसी परिक्षेत्र से 325 बसें लगाई गई हैं। जिससे इस झांसी से उरई, कानपुर और लखनऊ जाने वाले यात्रियों को दो दिन परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का उद्घाटन कार्यक्रम जालौन में 12 जुलाई को किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में झांसी से 200 निजी और 125 रोडवेज बसों से कार्यक्रम में लाभार्थियों को लाने और वापस छोड़ने के कार्य में लगाई जा रही हैं। इसके लिए झांसी परिक्षेत्र की 325 बसें लगाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया है। - प्रभात पांडेय, आरटीओ प्रवर्तन