झांसी। जीएसटी दस्ते ने मंगलवार को एक कारोबारी परिवार के दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी करते हुए बिना कागजात स्टोर किए दो करोड़ कीमत का मेंथा ऑयल बरामद किया। यहां लाखों रुपये की निर्माण सामग्री भी पाई गई। दस्ते के कागजात मांगने पर कारोबारी कागज नहीं दिखा सका। दस्ते ने इनको सीज करके व्यवसायी को कागजात पेश करने की मोहलत दी है।
राज्य जीएसटी को पूंछ स्थित साई ट्रेडिंग कंपनी एवं गुरसराय स्थित बजरंग ट्रेडर्स के यहां अवैध तरीके से मेंथा ऑयल स्टोर करने की सूचना मिली थी। यह दोनों ही एजेंसियां एक ही व्यवसायी परिवार की हैं। मंगलवार को अपर आयुक्त (ग्रेड वन) भानु प्रकाश मिश्र ने टीम गठित करके कार्रवाई के निर्देश दिए। सुबह ही राज्य जीएसटी अधिकारी संजय शर्मा की अगुवाई में दो अलग-अलग टीमें व्यवसायी के दोनों ठिकानों में जा पहुंची। जीएसटी दस्ते के पहुंचते ही वहां खलबली मच गई। दस्ते ने गोदाम को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान गोदाम से 150 ड्रम मेंथा ऑयल बरामद हुआ। व्यवसायी इससे संबंधी कोई कागज नहीं दिखा सके। गोदाम से करीब पंद्रह टन सरिया, पांच लाख हार्डवेयर समेत सात लाख रुपये नकद भी मिला। इसके भी कोई कागज व्यवसायी नहीं दिखा सका।
वहां मिले मेंथा ऑयल संबंधी व्यवसायी कोई कागज नहीं दिखा सके। लिखा-पढ़ी के बाद बिना वैध कागजों के मिली सारी सामग्री व्यवसायी के सुपुर्दगी में दे दी गई। कागजात पेश करने के लिए मोहलत दी गई। कागजात पेश न करने पर खिलाफ कार्रवाई होगी।
भानु प्रकाश मिश्रा
अपर आयुक्त (ग्रेड वन)