रविवार की रात गाजियाबाद स्पेशल मालगाड़ी के एक वैगन का पहिया खजराहा और बिजौली स्टेशन के बीच गर्म (हॉट एक्सल) हो गया। प्वाइंट्समैन के लाल झंडी दिखाने पर गाड़ी डेढ़ किलोमीटर दूर जाकर खड़ी हो गई। इससे मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। घटना के कारण डाउन ट्रैक तीन घंटे तक बाधित रहा। इससे 15 ट्रेनें देरी से चलीं। सुबह नौ बजे बिजौली में क्षतिग्रस्त वैगन को अलग करके मालगाड़ी को आगे बढ़ाया गया।
रविवार की रात गाजियाबाद स्पेशल मालगाड़ी लोहे की चादरें लेकर दिल्ली की तरफ जा रही थी। मालगाड़ी को सागर का स्टाफ चला रहा था। रात करीब पौने दो बजे मालगाड़ी बबीना से झांसी की तरफ बढ़ रही थी। तभी खजराहा स्टेशन से ट्रेन के निकलते वक्त प्वाइंट्समैन अशोक कुमार ने गाड़ी के वैगन नंबर 60186 के एक पहिये से चिंगारी और आग की लपटें निकलती देखीं। खतरा भांप कर प्वांइट्समैन ने गार्ड को लाल झंडी दिखाकर खतरे का संकेत दिया। इधर, खजराहा स्टेशन मास्टर को पता लगा तो उन्होंने गार्ड और ड्राइवर से वॉकी- टॉकी पर संपर्क किया। चूंकि, मालगाड़ी तेज रफ्तार से थी, इस कारण वह डेढ़ किलोमीटर दूर जाकर रुक सकी। रनिंग स्टाफ ने मौके पर जाकर देखा तो लगा कि पहिये की बियरिंग जाम होने से पहिया गर्म हो रहा था।
पहिया इतना ज्यादा गर्म हो चुका था कि लोहे ने पिघलना शुरू कर दिया था। अगर थोड़ी देर और मालगाड़ी चलती तो गाड़ी का पटरी से उतरना तय था। मालगाड़ी के रुकते ही पीछे आ रही सवारी गाड़ियां अलग- अलग स्टेशनों पर खड़ी होने लगीं। डाउन ट्रैक का यातायात ठप पड़ गया। खबर लगने पर सीएंडडब्लू अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। बाद में मालगाड़ी को धीमी गति से बिजौली स्टेशन की लूपलाइन तक लाया गया। इस कारण सुबह के 4.30 बजे गए। ट्रैक साफ होने के बाद सवारी गाड़ियों को एक- एक कर आगे निकालना शुरू किया गया। घटना के कारण 15 ट्रेनें देरी से चलीं, इससे यात्री परेशान रहे।
यह ट्रेनें देरी से चलीं
घटना के कारण 12155 हबीबगंज निजामुद्दीन एक्सप्रेस, 12534 पुष्पक एक्सप्रेस, 12213 दूरंतो एक्सप्रेस, 12723 तेलंगाना एक्सप्रेस, 12121 मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति, 12649 कर्नाटका संपर्क क्रांति, 12594 हमसफर एक्सप्रेस, 12627 कर्नाटका एक्सप्रेस, 12192 यशवंतपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस, 12405 गोंडवाना, 12433 राजधानी एक्सप्रेस, 12433 पुष्पक एक्सप्रेस, 18477 उत्कल एक्सप्रेस, 12625 केरला एक्सप्रेस, 12617 मंगला एक्सप्रेस, 12715 सचखंड एक्सप्रेस लेट हो गईं।