झांसी। विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन कांग्रेस के तीन प्रत्याशियों समेत 21 ने नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। इससे कलक्ट्रेट परिसर में दिन भर गहमागहमी बनी रही। दाखिल हुए नाम निर्देशन पत्रों की बुधवार को जांच होगी। अब चुनाव मैदान में 52 प्रत्याशी हैं।
25 जनवरी से शुरू हुई विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को खत्म हुई। कलक्ट्रेट परिसर के भीतर और बाहर आखिरी दिन सबसे ज्यादा गहमागहमी देखने को मिली। प्रत्याशी और उनके समर्थकों का दिन भर आवागमन बना रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम दिन झांसी सदर विधानसभा से चार, मऊरानीपुर से कांग्रेस प्रत्याशी भगवानदास कोरी समेत पांच, बबीना से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर तिवारी समेत सात तथा गरौठा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी नेहा संजीव निरंजन समेत छह ने अपने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही जिले की चारों विधानसभाओं से 52 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सर्वाधिक 16 प्रत्याशी गरौठा विधानसभा से हैं। जबकि, बबीना से 14, झांसी सदर से 12 और मऊरानीपुर विधानसभा से 10 प्रत्याशियों ने दावेदारी की है। नामांकन पत्रों की जांच का काम बुधवार को होगा। जबकि, चार फरवरी को प्रत्याशियों को नाम वापसी का मौका दिया जाएगा।
ये प्रत्याशी हैं मैदान में
झांसी सदर से 12 प्रत्याशी
भाजपा से रवि शर्मा, सपा से सीताराम कुशवाहा, कांग्रेस से राहुल रिछारिया, बसपा से कैलाश साहू, निर्दलीय अनूप सिंह, बुंदेलखंड क्रांति दल से शरद प्रताप सिंह, एआईएमआईएम से सादिक अली, राइट टू रिकॉल पार्टी से संजीव कुमार सिंह, राष्ट्रीय सर्वजन पार्टी से धीरेंद्र कुमार माहौर, आम आदमी पार्टी से बीएल भास्कर, हिंद जन कांग्रेस से ज्योति सिंह तथा निर्दलीय पवन यादव।
बबीना से हैं 14 प्रत्याशी
भाजपा से राजीव सिंह, सपा से यशपाल सिंह यादव, बसपा से दशरथ सिंह राजपूत, कांग्रेस से चंद्रशेखर तिवारी, जन अधिकार पार्टी से रानी देवी, निर्दलीय जयराम पाल, हरीओम, राष्ट्रीय समाज पक्ष पार्टी से राम सिंह, निर्दलीय तेज पाल सिंह, असत, राजकुमार, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से केशव सिंह, शिवसेना से शिरोमण सिंह तथा निर्दलीय महेंद्र कुमार।
मऊरानीपुर से हैं 10 प्रत्याशी
सपा से तिलकचंद्र अहिरवार, बसपा से रोहित रतन, अपना दल से रश्मि आर्य, कांग्रेस से भगवानदास कोरी, स्वतंत्र जनता राज पार्टी से घनश्याम कोरी, जन अधिकार पार्टी से बृजकुंवर, आम आदमी पार्टी से मोहनलाल सिंगरया, निर्दलीय जितेंद्र कुमार, शिवसेना से मीना कुमारी तथा भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से मनोहर।
गरौठा से हैं 16 प्रत्याशी
सपा से दीपनारायण सिंह यादव, कांग्रेस से नेहा संजीव निरंजन, भाजपा से जवाहर लाल राजपूत, बसपा से वीरसिंह गुर्जर, निर्दलीय कृष्णकुमार, मानवेंद्र सिंह, आम आदमी पार्टी से पुष्पेंद्र सिंह, अखिल भारतीय सोशलिस्ट पार्टी से पूनम सिंह, निर्दलीय प्रेमकुमारी खंगार, रामप्रकाश कुशवाहा, जन अधिकार पार्टी से राजेंद्र पाल, निर्दलीय अरुण कुमार, अनिल कुमार पटेल, ग्यादीन, पुष्पेंद्र तथा किसान रक्षा पार्टी से गौरीशंकर बिदुआ।