उफान पर बेतवा, माताटीला बांध के 20 गेट खोले, अलर्ट जारी
झांसी। राजघाट बांध से छोड़े गए पानी से बुधवार को माताटीला भी लबालब हो गया है। माताटीला बांध से 20 गेट खोलकर अधिकतम 1.86 हजार क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा गया। माताटीला बांध से छूटे पानी से शांत बेतवा नदी में उफान आ गया। बेतवा नदी किनारे बसे सभी गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं, माताटीला से छूटे पानी से सुकुवां ढुकुवां व पारीछा बांध भी लबालब हो गए हैं। यहां से नहरों व नदी में पानी छोड़ना शुरू कर दिया गया है।
मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा, रायसेन, गंजबासौदा और आसपास क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने से बेतवा नदी उफान पर है। इससे राजघाट बांध का जलस्तर बढ़ने पर सुबह 3.30 बजे 96 हजार क्यूसेक और सुबह सात बजे से 1.73 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। दोपहर पौने एक बजे से राजघाट बांध के 18 में से 16 गेट साढ़े तीन मीटर पर खोलकर ढाई लाख क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा था।
यह पानी माताटीला बांध पर पहुंचते ही यहां का जलस्तर 1012 फीट के सापेक्ष 1008 फीट पर पहुंच गया। यकायक बांध में पानी न बढ़ जाए, इस बात को ध्यान में रखकर सुबह नौ बजे से माताटीला बांध के 23 में से 20 गेट दो फीट पर खोलकर 50 हजार क्यूसेक पानी बेतवा नदी में छोड़ा जा रहा है। जब बांध में और तेजी से पानी बढ़ने लगा तो शाम चार बजे से 20 गेटों को आठ फीट पर खोल दिया गया। साथ ही 1.86 लाख क्यूसेक पानी नदी में छोड़ना शुरू कर दिया गया।
वहीं, बांधों में बढ़ रहे लगातार पानी को देखते हुए बेतवा नदी बोर्ड ने सिंचाई विभाग को सतर्क रहने के आदेश जारी कर दिए। इस अलर्ट के बाद बेतवा नदी के आसपास बसे गांव के लोगों को सतर्क कर दिया गया। वायरलेस पर पुलिस भी सतर्क हो गई। ओरछा में नगर पंचायत द्वारा उद्घोषणा करवाई गई कि कोई भी नदी के पास नहीं जाए।
इधर, ढुकुवां बांध का जलस्तर 273.71 मीटर के सापेक्ष 271.91 व पारीछा बांध का जलस्तर 194.65 के सापेक्ष 193.64 पहुंचने पर दोनों बांधों से लगातार पानी बेतवा से जुड़ी नहरों व नदी में छोड़ा जा रहा है। ढुकुवां बांध के पानी से दतिया नहर के जरिये पहूज बांध का भी जलस्तर बढ़ाया जा रहा है।
इधर, झांसी जनपद में अब तक हुई वर्षा से धसान नदी पर बने पहाड़ी बांध का जलस्तर 195.93 मीटर की तुलना में 194.88 मीटर, लहचूरा बांध का 182.27 मीटर की तुलना में 182.27 मीटर पहुंच गया है। मऊरानीपुर के निकट सपरार नदी से जुड़े सपरार बांध का जलस्तर 224.64 मीटर के सापेक्ष 221.04 मीटर पर पहुंच गया है। पहूज, डोंगरी और खपरार बांध का भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। अगर कुछ दिन और अच्छी बारिश हो जाए तो सभी बांधों से पानी छोड़ने की नौबत आ जाएगी।
लोग पहुंचे पिकनिक मनाने
माताटीला बांध से पानी छूटते ही बेतवा नदी उफान पर है। साथ ही माताटीला, सुकुवां ढुकुवां व पारीछा बांध का माहौल मनोरम हो गया है। बड़ी संख्या में लोग यह दृश्य देखने व पिकनिक मनाने बांधों पर पहुंच रहे हैं। बुधवार को बारिश में भी लोग बांध पर मौज मस्ती करते रहे।
इस तरह भरते हैं बांध
बेतवा नदी का पानी सबसे पहले ललितपुर जिले के राजघाट बांध में रोका जाता है। इस बांध से छूटा पानी माताटीला बांध को भरता है। माताटीला बांध से छोड़ा गया पानी सुकुवां ढुकुवां और पारीछा बांध से होता हुआ जालौन, हमीरपुर तक पहुंचता है।
पीने और सिंचाई का संकट खत्म
बेतवा नदी पर बने माताटीला बांध से झांसी महानगर को पीने और जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों को सिंचाई के लिए पानी मिलता है। जलनिगम प्रतिदिन माताटीला बांध से कच्चा पानी लेकर जलशोधन के बाद झांसी, बबीना, भेल समेत अन्य बड़े कनेक्शनों को 120 एमएलडी (120 करोड़ लीटर) पानी देता है। बारिश न होने से बांध में सिर्फ पीने के लिए पानी बचा था। अब बांध लबालब हो गया है, इससे पीने के पानी और सिंचाई की समस्या खत्म हो गई है।